फसल अवशेष जलाने वाले 348 किसान हुए चिह्नित

भभुआ: खेतों में फसल अवशेष नहीं जलाने को लेकर लगातार किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद जिले में 348 किसानों को फसल अवशेष जलाने के मामले में सेटेलाइट के माध्यम से चिह्नित किया गया है। सभी चयनित किसानों को अगले तीन वर्षों तक कृषि विभाग की संचालित कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना होगा। साथ ही इन किसानों का निबंधन तीन वर्षों के लिए विभाग द्वारा लाक कर दिया गया है। बता दें कि कृषि विभाग खेतों में पराली जलाने वाले किसानों को सेटेलाइट के माध्यम से चिह्नित कर रहा है। चिह्नित किए जाने पर उनके निबंधन को लाक करने की कार्रवाई की जा रही है। निबंधन लाक होने के साथ ही किसानों को तीन वर्ष तक कृषि व सहकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी रेवती रमण ने बताया कि अभी तक जिले के दोनों अनुमंडल क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी प्रखंडों के 348 किसानों को चिह्नित किया गया है। जिनके द्वारा अपने खेतों में पराली जलाई गई है। ऐसे सभी किसानों को सेटेलाइट के माध्यम से चिह्नित किया गया है। अब तक दुर्गावती प्रखंड के किसानों द्वारा खेतों में पराली नहीं जलाई जा रही है। यहां एक भी किसान सेटेलाइट की निगरानी में नहीं आए हैं। जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपनी फसलों के अवशेष को खेतों में नहीं जलाएं। विभाग लगातार पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक कर रहा है। बावजूद किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। पकड़े जाने पर निबंधन लाक करने के साथ तीन वर्ष तक कृषि व सहकारिता विभाग की कल्याणकारी योजनाओं के अनुदान व अन्य लाभ से किसान वंचित होंगे।


प्रखंडवार किसानों का निबंधन किया गया लाक
अधौरा -00
भभुआ-55
भगवानपुर-10
चैनपुर-21
चांद-52
रामपुर- 5
कुदरा-55
दुर्गावती-00
नुआंव-24
रामगढ़-38
मोहनियां- 88

अन्य समाचार