जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद को चुनाव आज

शिवहर। जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को चुनाव होगा। जिला मुख्यालय शिवहर में प्रशासनिक व्यवस्था के बीच चुनाव होगा। चुनाव के दौरान तनाव और टकराव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। अध्यक्ष पद के लिए डुमरी कटसरी से जिला पार्षद विजय कुमार सिंह उर्फ छोटा विजय और तरियानी उत्तरी से जिला पार्षद मनीष कुमार सिंह के बीच सीधी लड़ाई की उम्मीद है। हालांकि पिपराही से जिला पार्षद निभा पांडेय के मैदान में उतरने के बाद लड़ाई त्रिकोणात्मक हो सकती है। सात सदस्यीय जिला परिषद में चार सदस्यों का समर्थन जिसके पास होगा। अध्यक्ष की कुर्सी उसके पास होगी। बताते चलें कि छोटा विजय की पत्नी जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी है। जबकि मनीष कुमार पूर्व में जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके है। निभा पांडेय के पति राजकिशोर पांडेय बेलवा के मुखिया रह चुके है। शिवहर की राजनीति में उनका अच्छा-खासा प्रभाव है। वह गेम चेंजर भी रहे है। माना जा रहा हैं कि अध्यक्ष पद की लड़ाई में वह किसी का भी तख्ता पलट सकते है। वैसे छोटा विजय भी राजनीति के बड़े खिलाड़ी माने जाते रहे है। अध्यक्ष पद के लिए वह बड़ा दांव लगा सकते है।


सुधा बनीं पुपरी प्रमुख व मुर्तुजा बने उप प्रमुख
पुपरी, संस : अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को दो प्रखंडों के लिए प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख पदों के लिए शपथ ग्रहण के साथ चुनाव की प्रक्रिया हुई। निर्धारित तिथि के तहत सबसे पहले पुपरी प्रखंड के पंचायत समिति सदस्यों को एसडीएम नवीन कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई। इसमें सुधा देवी एवं चंद्रकला देवी को 9 - 9 मत मिले। इसके बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर टॉस के रूप में पर्ची के सहारे प्रमुख पद का फैसला हुआ। जिसमें सुधा देवी को सफलता हाथ लगी। वहीं उपप्रमुख पद पर मो. मुर्तुजा निर्वाचित हुए। इसी तरह सुरसंड प्रखंड के लिए हुए चुनाव में चंदन कुमार विजयी हुए। कुल 22 सदस्यीय इस चुनाव में चंदन को 16 और उनके विपक्षी रेणु देवी को 6 मत प्राप्त हुआ। जबकि उपप्रमुख पद पर नीलम देवी निर्वाचित हुई। इन्हें 11 मत मिला। जबकि प्रतिद्वंदी मो. नजाम को 6 मत, मो. हबीबुल्लाह को 3 और मनोज कुमार मिश्र को 2 मत प्राप्त हुआ।

अन्य समाचार