मिल्की गांव में डीएम ने किया मोटर वाहन प्रशिक्षण स्कूल का शुभारंभ

जागरण संवाददाता, जहानाबाद:

जिलाधिकारी हिमांशु कुमार राय ने बुधवार को सदर प्रखंड की सिकरिया पंचायत के मिल्की गांव में मोटर वाहन प्रशिक्षण के लिए एचआरके वाहन प्रशिक्षण स्कूल का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस स्कूल के माध्यम से चार पहिया, बस, ट्रक इत्यादि वाहनों को चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले को एक प्रकार का सौगात मिला है, जिससे वाहन चलाने के इच्छुक लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है। बिहार राज्य परिवहन विभाग द्वारा इस केंद्र की स्वीकृति मिलने के बाद विभागीय निर्देशानुसार वाहन चालक प्रशिक्षण स्कूल खोला गया है। सभी तरह के विभागीय गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए लोगों को ट्रेनिग दिया जाएगा। ट्रेनिग सर्टिफिकेट के आधार पर ही लोगो को दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों का ड्राइविग लाइसेंस परिवहन विभाग द्वारा निर्गत किया जा सकेगा। प्रशिक्षण स्कूल आधुनिक तकनीक पर बनाया गया है। जिलावासियों को अब काफी सुविधा होगी। सदर विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव ने कहा कि केन्द्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षण केंद्र आधुनिक उपकरणों से बनाया गया है। यहां पहले वाहन चालक को सिमुलेटर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रखंड मुखिया संघ के चुनाव का लिया गया निर्णय
जागरण संवाददाता, जहानाबाद:
नगर परिषद क्षेत्र के कोर्ट एरिया में बुधवार को बैठक आयोजित कर प्रखंड मुखिया संघ के गठन का विरोध किया। मौके पर नौरू, मांदिल, किनारी सहित कई पंचायतों के मुखिया ने कहा कि वगैर सहमति का गठन किया गया है। नए सिरे से संघ के गठन का निर्णय लिया गया। नौरू पंचायत के मुखिया श्यामबिहारी ने बताया कि सोमवार को सभी मुखिया प्रखंड में आयोजित बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। सेवनन पंचायत के मुखिया अजीत कुमार ने लोगों को गुमराह कर मुखिया संघ का गठन कर अध्यक्ष बन गए। उन्होंने कहा कि हमलोग बैठक कर सर्वसम्मति से प्रखंड मुखिया संघ का पुन: गठन करेंगे। वहीं किनारी पंचायत के मुखिया पति अरूण यादव ने बताया कि संघ के चुनाव की जानकारी उन्हें नही थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही बैठक कर सर्वसम्मति से संघ का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमलोग वैसे मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष का चयन करेंगे जो मुखिया के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ सकें। इस मौके पर जामुक पंचायत के मुखिया फुलेष्वर रजक, पंडुई पंचायत के मुखिया हेंमत यादव, मांदिल पंचायत के मुखिया बबलू यादव सहित कई मुखिया उपस्थित थे।

अन्य समाचार