सरकारी स्कूलों में खेलकूद की गतिविधि को बढ़ाने पर जोर

संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा): सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे अब पढ़ाई के साथ खेलकूद का आनंद ले सकते हैं। सरकारी विद्यालयों में खेल की गतिविधि अधिक से अधिक हो, इसके लिए सत्र 2022-23 से अनुदान राशि में बढ़ोतरी की गयी है। इसके लिए बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा प्रारंभिक विद्यालय में पांच हजार प्रति विद्यालय अनुदान दिया जाएगा। मध्य विद्यालय में दस हजार प्रति विद्यालय अनुदान दिया जायेगा।

बता दें कि अभी तक प्रारंभिक विद्यालयों को मात्र तीन हजार और मध्य विद्यालयों को पांच हजार रुपये दिए जाते थे। अब प्रारंभिक स्कूलों में 60 फीसदी और मध्य विद्यालय में 50 फीसदी अनुदान राशि बढ़ाई गई है। खेलो इंडिया के तहत हर स्कूलों को अधिक से अधिक गतिविधियां करवानी है। इसके लिए सभी विद्यालय को शिड्यूल भी दिया जाएगा। शिड्यूल के अनुसार विद्यालयों में गतिविधियां करवायी जाएंगी। हर स्कूल में गतिविधि पूरी हो,इसके लिए अनुदान की राशि बढ़ायी गयी है। विद्यालय प्रधानों की माने तो खेलकूद के लिए अनुदान राशि कई सालों के बाद इस बार बढ़ाई गई है। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में अनुदान की राशि 25 हजार रखी गई है। इन स्कूलों के लिए अनुदान राशि नहीं बढ़ाई गई है।

ज्ञात हो कि एक अप्रैल से विद्यालयों का नया शिक्षा सत्र शुरू होगा। नये सत्र से विद्यालय के रूटीन में बदलाव किया जाएगा। यह बदलाव प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक तक किया जाएगा। इस सत्र से विद्यालय के रूटीन में खेल के लिए एक पीरियड रखना होगा। इससे खेल के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ेगी तो वहीं इंडोर गेम के साथ ही आउटडोर गेम को भी बढ़ावा मिलेगा।

अन्य समाचार