शहर का पीछा नहीं छोड़ रही गंदगी, मच्छर भी बनने लगे जान पर आफत

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ: शहर की गंदगी को साफ करने के लिए हर माह निगम को भारी-भरकम रकम खर्च करनी पड़ती है। बावजूद गंदगी शहर का पीछा नहीं छोड़ रही। सफाई नगर निगम का प्राथमिक कार्य है। सफाई व्यवस्था ही निगम की पहचान है, लेकिन सफाई के नाम पर अब तक सिर्फ खानापूरी ही दिखी है। इधर, सफाई की कमी तथा मौसम में आए अचानक परिवर्तन के कारण शहर में मच्छरों की संख्या में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। मच्छरसें के प्रकोप से शहरवासी परेशान हैं। दिन हो या रात, मच्छरों ने लोगों का जीना हराम कर रखा है।

मच्छरों की बढ़ती संख्या के क्या हैं कारण

- शहर में जगह-जगह जलजमाव
- मौसम परिवर्तन
- शहर में जगह-जगह कचरा
- खुली नालियां व नाले
- नियमित फागिग न होना
व्यवस्था की कमी के कारण धरी पड़ी है फागिग मशीन
मच्छरों से लड़ने के लिए निगम के पास पर्याप्त साधन हैं। मच्छर मारने की दवा तथा दस से अधिक फागिग मशीन उपलब्ध हैं। वहीं नालियों में छिड़काव के स्प्रे मशीन तथा लार्वा को मारने की दवा भी उपलब्ध है। लेकिन व्यवस्था की कमी के कारण मशीनों का समय पर प्रयोग नहीं हो पाता। मच्छरों का यह प्रजनन काल है। यदि प्रजनन काल में ही मच्छरों का सफाया नहीं किया गया तो मच्छरों की संख्या में बेतहाश वृद्धि होगी।
बूते के बाहर बनती जा रही सफाई व्यवस्था
गंदगी व मच्छरों पर नियंत्रण नगरनिगम के बूते के बाहर की चीज बनती जा रही है। शहर को स्वच्छ रखने में निगम अक्षम साबित हो रहा है। वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर अंकुश लगाने के प्रति उसकी उदासीनता जग-जाहिर है। मच्छरों को खत्म करने के निगम के उपाय भी अब तक पहेली बनी है। फागिग के नाम पर सिर्फ खानापूरी है।
शहर में चल रहा स्वच्छता सर्वेक्षण, शहरवासियों को नहीं पता
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बीच स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य भी आंरभ है। शहरवासियों से शहर की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के लिए एजेंसी सर्वेक्षण भी कर रही है। लोगों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर निगम शहर में मच्छरों की बढ़ती संख्या तथा बिगड़ती सफाई व्यवस्था से मानों अनभिज्ञ है।
शहर में सफाई व मच्छरों पर अंकुश लगाने की क्या है व्यवस्था
- 600 से अधिक सफाई कर्मी
- 10 फागिग मशीन
- 2 टीलर मशीन
- 10 ट्रैक्टर
- 100 कूड़ा ढोने वाला रिक्शा जल्द बनेंगे रोस्टर मौसम परिवर्तन के कारण शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। फागिग के लिए रोस्टर बनाया जा रहा है। जल्द ही रोस्टर के अनुसार फागिग की जाएगी ताकि मच्छरों पर जल्द से जल्द अंकुश लगाया जा सके।
सत्येंद्र वर्मा, उपनगर आयुक्त।

अन्य समाचार