श्राद्धकर्म में शामिल होने जा रहे वृद्ध की कुआं में गिरने से मौत

संवाद सूत्र, नुआंव: थाना क्षेत्र के बराढी-पजराव गांव के सिवाना में स्थित एक कुआं में गिरकर वृद्ध की मौत हो गई। मृतक छाता बराढी गांव के 74 वर्षीय हरिवंश चौबे बताए जा रहे हैं। वे सोमवार को पजराव गांव के एक श्राद्धकर्म में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में कुआं में गिरने से उनकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हरिवंश चौबे सोमवार को बराढी पजराव जाने वाली पगडंडी के रास्ते पजराव गांव के रवि पांडेय के यहां एक श्राद्धकर्म में शामिल होने जा रहे थे। पजराव और बराढ़ी गांव के बीच का पगडंडी रास्ता नजदीक होने के चलते वे उक्त रास्ते से पजराव पैदल जा रहे थे। इस रास्ते में पांडे का डेरा कहे जाने वाले स्थान पर एक कुआं पड़ता है। पैदल आवागमन कम होने के कारण कुआं घास फूस से घिर गया है। जिसके चलते वृद्ध को कुआं का पता नहीं चल सका और वे उसमें जा गिरे। रास्ता सुनसान होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। शाम में घर नही पहुंचने पर परिवार के सदस्य रवि पांडेय के यहां फोन कर उनके बारे में जानना चाहे। रवि पांडेय द्वारा बताया गया कि वे उनके यहां पहुंचे ही नहीं हैं। तब घरवाले उनके मोबाइल पर फोन किए। उनका मोबाइल स्वीच आफ मिला। अनहोनी की आशंका से परिजन परेशान हो गए और रिश्तेदारी में पता करना शुरू किए। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इसके लिए परिवार वालों ने इंटरनेट मीडिया का भी सहारा लिया लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सुबह परिजन व ग्रामीण उनकी खोज में निकले। जहां पांडे डेरा के समीप रास्ते के बगल में स्थित कुआं में उनका शव दिखाई दिया। मौत की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुनीत कुमार सिंह, सीओ बद्री प्रसाद गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कागजी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया गया।


दस बेंचों पर राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों की होगी सुनवाई
जागरण संवाददाता, भभुआ: आगामी 12 मार्च को व्यवहार न्यायालय परिसर में लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी लगभग पूर्ण कर ली गई है। राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों की सुनवाई के लिए कुल दस बेंचों का गठन किया गया है। सभी बेंचों पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है। राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के सुलहनीय वादों की सुनवाई होगी और मामलों का निष्पादन भी किया जाएगा। बीते दिनों न्यायिक पदाधिकारियों की हुई बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन को लेकर रणनीति बनाई जा चुकी है। जिसके अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों की सुनवाई होगी। जिला विधिक प्राधिकार के सचिव सह एडीजे ने जिले के लोगों से 12 मार्च को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों की सुनवाई कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि लोगों की सहूलियत के लिए समय-समय पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। ताकि लोग अपने मामलों का निष्पादन करा सकें। पूर्व में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कई लोगों ने लाभ लिया है।
लोक अदालत में बेंचों पर प्रतिनियुक्त न्यायिक पदाधिकारी व अधिवक्ता:
बेंच - न्यायिक पदाधिकारी - अधिवक्ता
एक - प्रभात कुमार श्रीवास्तव एडीजे नौ- मंगलेश्वर सिंह
दो - आलोक कुमार पांडेय- एडीजे सप्तम- रूपेश कुमार सिंह
तीन- संदीप कुमार मिश्रा - प्रदीप कुमार
चार - सुनील कुमार चौबे - मो. असलम
पांच - शमीम रजा एसीजेएम चतुर्थ - सुदामा कुमार
छह - रोहित कुमार श्रीवास्तव एसीजेएम द्वितीय- शंभु नाथ सिंह
सात - मनोज कुमार पाठक जेएम प्रथम - अरविद कुमार सिंह
आठ- विकास कुमार सिंह जेएम प्रथम श्रेणी- जितेंद्र कुमार त्रिपाठी
नौ - अमृता सिंह मुंसिफ - इंद्रावसी कुमारी
दस - शिखा कुमारी जेएम प्रथम - संगीता कुमारी

अन्य समाचार