शांति भंग करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई : डीएम



संवाद सूत्र, मधेपुरा : जिला मुख्यालय के कला भवन में मंगलवार को होली और शब-ए-बरात का पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं जाने को लेकर डीएम श्याम बिहारी मीणा व एसपी राजेश कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने जरूरी निर्देश दिए।
डीएम मीणा ने कहा कि महज संयोग है कि इस बार होली और शब-ए-बरात का त्योहार एक ही तिथि को मनाया जाएगा। दोनों त्योहार काफी महत्वपूर्ण है। लोग सादगी के साथ त्योहार मनाएं। त्योहार को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। त्योहार में कोई व्यवधान नहीं हो इसके लिए शांति व्यवस्था कायम रहना जरूरी है। इस वजह से जगह-जगह दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। दोनों अनुमंडल क्षेत्र में अलग-अलग नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। किसी भी उत्सव अथवा अन्य मौके पर विधि व्यवस्था का संधारण प्रोटोकाल के अंतर्गत किया जाता है। सही से पालन करना हम सबों का कर्तव्य है। उन्होंने हाल के दिनों में मुख्यमंत्री के जिले दौरे का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भी हम सभी सक्रिय रहे। वैसे ही इन त्योहारों में भी हमें बेहद चौकस रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि होली पर्व 18 और 19 मार्च को मनाया जाना है। जबकि शब-ए-बरात 18 को मनाया जाना है। होली को लेकर 17 मार्च को होलिका दहन का कार्यक्रम होना है। आमतौर पर यह बातें सामने आती है कि विवादित स्थलों पर होलिका दहन होने से विवाद की स्थिति उत्पन्न होती। इस दौरान अश्लील फगुवा गीत और आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग से मामला गंभीर बन जाया करता है। ऐसे में विशेष निगरानी की जरूरत है। होली के दिन लोग सामान्यत: रंग और अबीर से होली खेलते हैं। प्राय: यह भी देखा जाता है कि लोग होली के नाम पर एक दूसरे पर कीचड़, गोबर, पेंट फेंकते हैं। कपड़ा फाड़ होली भी खेलने का मामला सामने आता है। इससे भी विवाद बढ़ता है। इसकी सतत निगरानी जरूरी है। शरारती तत्वों द्वारा धार्मिक उन्माद फैलाने के लिए गलत नारे, डीजे से अश्लील गाने बजाए जाते हैं। यह सही नहीं है। ऐसे शरारती तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। किसी भी सूरत में आपसी सौहार्द नहीं बिगाड़ना चाहिए। पहले से ही ऐसे शरारती तत्वों को चिन्हित कर धारा 107 और बांडेड की धारा 116 की कार्रवाई करें। सूबे में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। लिहाजा शराब पीने और बेचने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें। महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों के अपवाद को छोड़ दें तो जिले में आमतौर पर त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होते आ रहा है। इस बार भी सबों के प्रयास से पर्व शांतिपूर्ण संपन्न होने की उम्मीद है। संवेदनशील स्थानों पर बरते विशेष चौकसी डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित मस्जिद चौक, मुरलीगंज के मुरलीगंज बाजार, बिहारीगंज के बिहारीगंज बाजार, सरौनी, कुस्थन, गमैल, बभनगामा, आलमनगर के आलमनगर बाजार, मधेली, सोनामुखी, बहुला बासा, फुलौत बाजार में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। ओवरलोडिग पर पूरी तरह नकेल कसने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सदर अनुमंडल क्षेत्र में 118 और उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र में 76 जगहों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बलों को लगाया गया है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को कर्तव्य का पालन सही करने के निर्देश दिए गए। लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही गई।

गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटे पुलिस : एसपी एसपी राजेश कुमार ने कहा कि होली और शब-ए-बरात पर्व में गड़बड़ी करने वाले के साथ सख्ती से निपटे। कार्रवाई करने में कोई झिझक नहीं होनी चाहिए। ट्रिपल बाइक सवार की जमकर खबर लें। सीधे बाइक को जब्त कर थाना में लगाएं। सैंलेंसर खोलकर हुड़दंग मचाने वाले बाइक चालकों पर भी कार्रवाई करें। हर थानाध्यक्ष ब्रेथ इनलाईजर से पियक्कड़ की जांच करें। मौके पर डीडीसी नीतिन कुमार सिंह, सदर एसडीओ नीरज कुमार, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ सतीश कुमार, डीसीआरएल कुंदन कुमार, मधेपुरा सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव, मुख्यालय डीएसपी अमरकांत चौवे समेत पूरे जिले के पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

अन्य समाचार