जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध, सरकारी कर्मियों की छुट्टियां रद

दरभंगा। होली व शब-ए-बरात को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिलाधिकारी राजीव रौशन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक अशोक प्रसाद ने शांति व विधि व्यवस्था संधारण के लिए संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि होली एवं शब-ए-बरात पर्व 18 एवं 19 मार्च 2022 को मनाए जाने की सूचना है। होली पर्व तथा होली पर पर्व के दूसरे दिन कुछ स्थलों पर परंरागत झुमटा, बसिऔरा जुलूस निकाले जाने की परंपरा रही है।इस वर्ष होली पर्व एवं शब-ए-बरात पर्व 18 व 19 मार्च को मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही आतंकवादी गतिविधियों एवं जिले में पूर्व में घटित घटनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सभी अनुमंडल दंडाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष को डीएम व एसएसपी ने कहा है कि वे कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार ही होली पर्व मनाया जाना है, इसका शत-प्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे।


प्रभारी यातायात को दरभंगा शहरी क्षेत्र में होली पर्व के अवसर पर सभी चौक-चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक एवं विधि व्यवस्था का संधारण सुनिश्चित करने को कहा है। त्योहार के अवसर पर सरकारी कर्मियों के सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। विशेष परिस्थिति में जिलाधिकारी द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
विधि-व्यवस्था एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रत्येक अनुमंडल में दंगा निरोधी क्यूआरटी का गठन किया गया है। रहजनी व छेड़छाड़ की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष गश्त के लिए सीआइएटी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। विश्वविद्यालय, नगर, लहेरियासराय व सदर के थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि वे प्रभारी सीआइएटी को उन्हें अपने कर्तव्य की जवाबदेही को समझाकर इसका अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।
बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के कोई भी व्यक्ति लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं करेंगे। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 298 स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल व लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल तथा लाठी बल की प्रतिनियुक्ति 17 मार्च की सुबह से 19 मार्च 2022 तक रहेगी। इस बीच किसी स्थान विशेष पर तनाव होने की अवधि में यह स्वत: बढ़ जाएगी। तीन दिनों तक सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष निर्देश में कहा गया है कि होली पर्व के अवसर पर 17 मार्च से 19 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। यहां दूरभाष संख्या - 06272-240600 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी रहेंगे। इस दौरान उनका मोबाइल नंबर - 9473191318 काम करेगा। -

अन्य समाचार