छेका से एक दिन पूर्व लापता हुई किशोरी, नजदीकी रिश्तेदार आरोप

संवाद सूत्र,थरथरी : थरथरी थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते 7 अप्रैल की आधी रात में लापता हुई किशोरी के मामले में फिरौती के लिए अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। अपहरण का आरोप गोतिया घर के निजी रिश्तेदार पर लगा है। बताया गया कि 8 अप्रैल को ही किशोरी को छेका देने के लिए कुटुंबी जन आने वाले थे। लेकिन सुबह होने से पहले ही वह लापता हो गई। उसकी शादी थरथरी थाना क्षेत्र के ही एक गांव में तय थी। थानाध्यक्ष पप्पु कुमार ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। लेकिन फिरौती के लिए अपहरण का आरोप लगाया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी के भाई एवं मां को भी नामजद किया गया है। मुख्य आरोपी युवक हिलसा में रहकर पढ़ाई करता था। आरोप है कि ये तीनों मिलकर कट्टे का भय दिखाकर 17 वर्षीय किशोरी को फिरौती के लिए उठा ले गए। मामले की जांच की जा रही है।


बताया गया कि 7 अप्रैल की रात 12 से एक बजे के बीच किशोरी घर से चुपके से निकली थी। स्वजन को इसकी जानकारी अलसुबह हुई। घर के सदस्य उसकी छेका की तैयारी में लगे थे। स्वयं उक्त किशोरी भी अपने छेका की तैयारी को अंतिम रूप दे रही थी। वह घर की लाडली थी इसीलिए घर की मालिकाना जिम्मेदारी भी उसी के हाथ में थी। शादी में खर्च के लिए रखे डेढ़ लाख रुपए और जेवरात भी उसी के जिम्मे था। लड़की अपने पास रहे रुपए, कपड़े व जेवरात भी ले गई है। जबकि किशोरी के स्वजन का आरोप है कि आरोपित ही रुपए व जेवरात ले गए। लड़की गांव पर ही रहती थी। शुक्रवार तक न तो किशोरी का सुराग मिला था, और न ही किसी आरोपित की गिरफ्तारी हो सकी थी।
------ -- --------------
इनसेट
बहनोई के साथ भागी किशोरी बरामद, केस
संवाद सूत्र, थरथरी (नालन्दा) : थरथरी थाना क्षेत्र के एक गांव से बहनोई के साथ भागी किशोरी को थाना पुलिस ने गुरुवार को बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया इस मामले में भी किशोरी के बहनोई के विरुद्ध बीते 10 जनवरी को केस दर्ज हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, दूसरी बार यह घटना हुई। इसीलिए लड़की के घर वाले ने दामाद के विरुद्ध केस कर दिया। पहली बार स्वजन नहीं लड़की को ढूंढ कर लाए थे और जीजा तथा साली ने स्वजन के सामने कसम ली थी कि अब साथ में नहीं भागेंगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि 16 वर्षीय किशोरी को चिकित्सा जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, उसने जांच करवाने से मना कर दिया।

अन्य समाचार