पंसस की बैठक में संपुष्टि के प्रस्ताव पर जताई गई आपत्ति

औरंगाबाद। बहुद्देश्यीय भवन में प्रखंड प्रमुख गीता सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पंचायत समिति की साधारण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत बैठक की संपुष्टि, वार्षिक कार्य योजना, 15वीं वित्त, वित्तीय वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 की वार्षिक कार्य योजना की समीक्षा, षष्टम वित्त आयोग की वार्षिक कार्य योजना एवं मनरेगा की वार्षिक कार्य योजना के अनुमोदन पर चर्चा की गई। गत बैठक की संपुष्टि का प्रस्ताव आते ही पंसस मो. एहसान ने विरोध जताया। कहा कि गत बैठक में पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण बैठक का बहिष्कार हुआ था तो प्रस्ताव कहां से लिया गया जिसका अनुमोदन किया जाए। प्रमुख द्वारा इसका कोई जवाब नहीं दिया गया। वित्तीय वर्ष 21-22 में पंद्रहवीं वित्त से ली गई योजनाओं को निरस्त करने का प्रस्ताव प्रमुख द्वारा लाया गया, जिसे अधिकांश सदस्यों ने समर्थन किया। पंसस मो. ऐहसान कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में जो कार्य पूरा हो गया है उसमें राशि का भुगतान एवं वित्तीय वर्ष 2021-22 के अधूरे कार्य को पूरा किया जाए। पीओ शशि कुमारी ने 2022-23 में ली गई योजनाओं का अनुमोदन प्रस्ताव लाया। पंसस सदस्यों ने सीमा का हवाला देते हुए मुखिया एवं पंसस सदस्यों में नोकझोंक हुई। इस पर सिहुली मुखिया द्वारा विरोध किया गया जिसे सभी मुखिया ने विरोध का समर्थन किया। पीओ ने कहा कि कार्य करने हेतु 50, 30 20 का रेशियो तय है। पंसस सिर्फ दो पंचायत को जोड़ने वाली ही योजनाएं करा सकेंगे। पंचायत रोजगार सेवक अविनाश कुमार द्वारा पंसस की योजना का एजेंसी नहीं बनाने का मुद्दा पंसस सदस्य प्रियंका कुमारी ने उठाया। लट्टा, ढोसिला एवं दुगुल में पंचायत सरकार भवन बनाने का प्रस्ताव लाया गया। मुखिया विजय सिंह ने जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने हेतु सिगल विडो खोलने का प्रस्ताव लाया। रफीगंज-गया रोड़ को 10 मीटर चौड़ा सड़क बनाने तथा प्रखंड को अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव लाया। मई गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाने का मांग की गई।


गोह विधायक भीम यादव ने पौथु एवं सिहुली में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्मित होने के बावजूद चिकित्सक एवं कर्मी की पदस्थापना नहीं होने का मामला उठाया। जवाब में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. अरबिद कुमार सिंह ने कहा कि उक्त भवन को चिकित्सा विभाग को हैंड ओवर नहीं किया गया है। चिकित्सक की कमी है। पूरे प्रखंड में बंद चापाकलों को चालू कराने का प्रस्ताव लाया गया। संचालन बीडीओ उपेंद्र दास ने किया। सीडीपीओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सहायक विद्युत अभियंता, सहायक अभियंता पीएचअडी, पंचायती राज पदाधिकारी, बैंक प्रबंधक अनुपस्थित रहे। उप प्रमुख रजंती देवी, एमओ अतुल कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अरबिद कुमार सिंह, कनीय अभियंता सुरेश कुमार राम, मुखिया बिमला देवी, मो. सेराज, विजय सिंह, यूसुफ अली खान, शंकर दयाल यादव, प्रमिला देवी ,गुड़िया देवी, नुसरत जहां, बिदेश्वर सिंह, नरेंद्र मिश्र,अरुण कुमार, गुड़िया देवी, कंचन कुमारी, संजय कुमार गुप्ता, पंसस स्नेहा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

अन्य समाचार