रंगदारी नहीं देने पर ज्वेलरी दुकान में फायरिग

जासं, बिहारशरीफ: दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय चौक के समीप शनिवार की देर शाम रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान में फायरिग कर दी। घटना में महिला समेत दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। जख्मी मकान मालिक बुजुर्ग कृष्णा शर्मा को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जबिक, जख्मी दिनेश प्रसाद की पत्नी निजी क्लिनिक में इलाजरत है। दुकान संचालक पप्पू कुमार ने बताया कि देर शाम आधा दर्जन बदमाश आ गए और रंगदारी की मांग करने लगे। रंगदारी देने से इंकार पर बदमाश फायरिग करने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ जमा होते देख बदमाश फरार हो गए। थानाध्यक्ष मो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि गोली एक को लगी है। महिला गिरकर जख्मी हुईं। रंगदारी विवाद का मामला नहीं है। दुकान में वेना का एक युवक काम करता है। उसका किसी युवती से प्रेम-प्रसंग था। इसी को लेकर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


पारा 41.9 डिग्री तक चढ़ा, शाम तक चली गर्म हवाएं
संवाद सूत्र, हरनौत (नालंदा): गर्म पछुआ हवा व कड़ी धूप के कारण जन जीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं। शनिवार को •िाले का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शुक्रवार का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस आस-पास रहेगा। शनिवार को आंशिक बादल भी देखे गए। गर्मी एवं लू के प्रवाह को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी कर रखा है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि सीधे सूर्य के विकिरण से बचें। अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें। हरनौत स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के विज्ञानी डा. उमेश नारायण उमेश ने बताया कि लू का प्रवाह बना रहेगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि दोपहर 11 बजे के बाद फसल कटनी एवं दौनी नहीं करें। पशुओं को छांव में रखें। पशु रखने के स्थान को पानी से गिला करते रहें। हो सके तो पशुओं को नदी या तालाब के किनारे रखें। कृषि विज्ञान केंद्र के भोजन एवं पोषण विज्ञानी डॉ ज्योति प्रभा ने बताया कि बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोग धूप में नहीं निकलें। उन्होंने सलाह दी है कि लू से बचने के लिए खूब पानी पीने के अलावा खीरा, तरबूज, खरबूज, सत्तू,नींबू- पानी एवं कच्चे आम को आग में पकाकर उसका शर्बत बनाकर सेवन करें। आग में पके आम को मसल कर शरीर पर मलने से लू से राहत मिलती है।

अन्य समाचार