पति को जीवित करने के लिए पत्नी करती रही जादू-टोना, जांच में जुटी पुलिस

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ: बिहार थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्वाटर में सोमवार की रात संदिग्धावस्था में एक युवक की मौत हो गई। हालांकि युवक की पत्नी खुदकुशी की बात बता रहे है। युवक के स्वजन इसे हत्या बता रहे है।

मरने वाला युवक थरथरी थाना क्षेत्र के भतहर गांव निवासी 30 वर्षीय सूर्य प्रकाश पासवान था। पत्नी नीलम सिंह रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। हद तो तब हो गई जब पति को अस्पताल ले जाने की बजाय शव के साथ कमरे में बंद हो गई। बंद कमरे में मृत को जीवित करने के लिए घंटों जादू-टोना का खेल चला। करीब चार घंटे तक झाड़-फूंक का खेल चलता रहा। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार नीलम सिंह पहले पति की मौत के बाद उसे नौकरी मिली थी। सूर्य प्रकाश से नीलम ने प्रेम विवाह किया था। मरने वाले युवक के भाई साजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना के बाद वह सुबह रेलवे क्वाटर पहुंच गए। देखा कि कमरे में भाई की लाश पड़ी थी। भाभी कुछ अन्य महिलाओं के साथ उनके भाई को जीवित करने के लिए जादू-टोना का खेल कर रही है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव था। वे भाई को अक्सर धमकी देती थी। युवक के भाई को अंदेशा है कि सुनियोजित तरीके से जहर खिला कर उनके भाई की हत्या की गई है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना खुदकुशी है या हत्या। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।

निबंधन कार्यालय राजगीर में खुला को-आपरेटिव बैंक का ई-स्टांप केंद्र
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ: निबंधन कार्यालय राजगीर के प्रांगण में मंगलवार को नालंदा सेंट्रल को-आपरेटिव बैंक का ई-स्टांप केंद्र खोला गया। उद्घाटन बैंक के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने किया। मौके पर अमरेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार सरकार निबंधन विभाग के अवर मुख्य सचिव केके पाठक ने नालंदा जिला स्थित निबंधन कार्यालय बिहारशरीफ, राजगीर व हिलसा के निबंधन कार्यालय परिसर में ई-स्टांप की बिक्री कार्य करने के लिए केंद्र खोलने की अनुमति दी है। इस परिपेक्ष्य में छह अप्रैल 2022 को जिला अवर निबंधन कार्यालय बिहारशरीफ में केंद्र का शुभारंभ किया गया है। मंगलवार को निबंधन कार्यालय राजगीर परिसर में ई-स्टांप केंद्र का शुभारंभ किया गया।
अमरेन्द्र ने कहा कि इससे निबंधन का कार्य कराने वाले नागरिकों को काफी सहूलियत होगी। उन्हें अब बैंकों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। साथ हैं जितनी राशि की ई- स्टांप की आवश्यकता होगी एक चालान से ही एक स्टांप पर मिलेगा। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क देय नहीं होगा। बैंक प्रबंधन का प्रयास होगा कि नागरिकों को बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान की जाय। कार्यक्रम में बैंक के उपाध्यक्ष पंकज कुमार, निदेशक मंडल के सदस्य विनोद कुमार, बैंक प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार, राजगीर निबंधन पदाधिकारी मोहन प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष श्रीनिवास प्रसाद, अविनाश कुमार, सूर्यभूषण प्रसाद, डब्ल्यू प्रसाद, श्रवण प्रसाद, उमेश प्रसाद एवं बैंक के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

अन्य समाचार