तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर जियो कंपनी के कर्मी की मौत

शिवहर। तरियानी थाना क्षेत्र के सुमहूति में शुक्रवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से कुचलकर एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान तरियानी प्रखंड के सरवरपुर वार्ड 05 निवासी ब्रजकिशोर सिंह के पुत्र विशाल कुमार के रूप में की गई है। विशाल कुमार, सुमहूति स्थित जियो कंपनी के जियो प्वाइंट में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात था। बताया गया हैं कि आम दिनों की तरह विशाल कुमार शुक्रवार को भी जियो प्वाइंट स्थित अपने कार्यालय में गए थे। इस क्रम में वह बाइक पर सवार होकर कार्यालय से निकलकर कही जारहे थे। इसी बीच पीछे से शिवहर की ओर से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन उन्हें कुचलते हुए मुजफ्फरपुर की ओर भाग निकली। इस हादसे में विशाल की बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने बुरी तरह जख्मी विशाल को इलाज के लिए शिवहर शहर स्थित सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मृत करार दिया। सूचना के बाद तरियानी थानाध्यक्ष शोभाकांत पासवान के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं सदर अस्पताल पहुंचकर स्वजन का बयान दर्ज किया। साथ ही पोस्टमार्टम करा स्वजन को शव सौंप दिया हैं। पुलिस वाहन चालक का पता लगाने में जुट गई है। इधर, घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है। जवान बेटे की मौत के गम में ब्रजकिशोर सिंह और उनकी पत्नी बदहवास दिखी। विशाल की बहन समेत स्वजनों के चीत्कार से सदर अस्पताल दहल गया। आसपास के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देते नजर आए।


अन्य समाचार