टीपी कालेज में 13 मई को होगा राष्ट्रीय सेमिनार



संवाद सूत्र, सिंहेश्वर (मधेपुरा) : बीएन मंडल विवि अंतर्गत ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय में 13 व 14 मई को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम : मैथिली साहित्य-संस्कृति व दर्शन विषयक राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन सुनिश्चित है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डा. सुधांशु शेखर ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति डा. आरकेपी रमण करेंगे। इस अवसर पर स्वागत वक्तव्य साहित्य अकादेमी के उपसचिव एन सुरेश, विषय परिवर्तन मैथिली परामर्श मंडल के संयोजक अशोक कुमार झा अविचल करेंगे और बीज वक्तव्य साहित्यकार ललितेश मिश्र देंगे। समारोह की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध साहित्यकार डा. वीणा ठाकुर, संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डा. सुधांशु शेखर और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य डा. केपी यादव करेंगे। डा. शेखर ने बताया कि सेमिनार में उद्घाटन सत्र के अतिरिक्त चार तकनीकी सत्र भी होंगे। जिनमें कुल चौदह आलेखों की प्रस्तुति होगी। प्रथम व द्वितीय सत्र में चार-चार और तृतीय एवं चतुर्थ सत्र में तीन-तीन आलेख प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रथम तकनीकी सत्र में अध्यक्षा डा. वीणा ठाकुर (स्वतंत्रता संग्राम-मैथिली गीत-साहित्य) के अतिरिक्त डा. संजय कुमार मिश्र (मिथिलाक समवेत दार्शनिक चिंतन आ स्वतंत्रता आंदोलन), शिवकुमार मिश्र (स्वतंत्रता संग्रामक परिपेक्षमे मिथिलाक सांस्कृतिक बौद्धिक योगदान) और भैरव लाल दास (स्वतंत्रता संग्राम - महात्मा गांधी आ मिथिला) का आलेख पाठ होगा। द्वितीय सत्र में अध्यक्ष डा. अशोक कुमार झा अविचल (स्वतंत्रता संग्राम- मैथिली कथा साहित्य), डा. केपी यादव (स्वतंत्रता संग्राममे मधेपुरा आ पूर्णियाक साहित्यिक, सांस्कृतिक आ बौद्धिक योगदान), डा. डीएन साह (मैथिली साहित्यमे उल्लिखित मिथिलाक स्वतंत्रता सेनानि) और सदानंद यादव (भारत छोड़ो आंदोलन मैथिली साहित्य समाज) का आलेख-पाठ सुनिश्चित है। तृतीय सत्र में सत्राध्यक्ष ताराचंद वियोगी (स्वतंत्रता संग्राम आ मैथिली संत साहित्य), अजीत मिश्र (स्वतंत्रता संग्राम मैथिली काव्य साहित्य) व डा.उपेंद्र प्रसाद यादव (स्वतंत्रता संग्राम आ मैथिलीक उपन्यास) और चतुर्थ सत्र में सत्राध्यक्ष डा. रामनरेश सिंह (स्वतंत्रता संग्राम कोसी परिसर), डा. अमोल राय (मैथिली लोक साहित्य आ स्वतंत्रता संग्राम) व रवींद्र कुमार चौधरी (स्वतंत्रता संग्राम मैथिली नाट्य साहित्य) अपने-अपने आलेख प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि अकादेमी के नियमानुसार सेमिनार में सिर्फ पूर्व चयनित विद्वानों को ही आलेख पाठ का मौका मिलेगा और शेष अतिथि व प्रतिभागी चर्चा-परिचर्चा व प्रश्नोत्तर में भागीदारी कर सकेंगे। कार्यक्रम को दुनिया के किसी भी कोने से यू-ट्यूब चैनल बीएनएमयू संवाद पर लाइव भी देखा जा सकेगा।

अन्य समाचार