मधुबनी में नशे में दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से किया इन्कार

मधुबनी । नशे में दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद बरातियों और ग्रामीणों में मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने बरातियों की बाइक और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। घटना बासोपट्टी थाना क्षेत्र की कटैया पंचायत अंतर्गत झिटकोहिया महादलित टोला की है। नेपाल के धनुषा जिले के भड़रिया गांव से बरात बुझाउन सदा के घर आई थी। उनकी बेटी काजल कुमारी की शादी थी। दरवाजा लगने की रस्म पूरी की गई। जब जयमाला के लिए बनाए गए पंडाल में दुल्हन सहेलियों के साथ पहुंची तो दूल्हा राजू सदा व उसके स्वजन शराब के नशे में थे। यह देख दुल्हन का गुस्सा फूट पड़ा। उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद बराती और घराती आपस में उलझ गए। मारपीट शुरू हो गई। करीब आधा दर्जन लोग चोटिल हो गए। बात बिगड़ती बिना शादी किए बरात वापस चली गई। इधर, महादलित टोले के लोगों ने बरातियों की दो बाइक और एक ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि शादी की तैयारी में हुए खर्च देने के बाद ही बाइक और ट्रैक्टर को लौटाया जाएगा। इस मामले पर दोनों ही गांव के लोगों के बीच वार्ता चल रही है। बासोपट्टी थानाध्यक्ष अरविद कुमार ने बताया कि जानकारी नहीं मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। पंचायत के निवासी सह प्रखंड प्रमुख राम प्यारी देवी ने नशेड़ी दूल्हे के साथ शादी करने से इन्कार करने वाली काजल कुमारी के फैसले की सराहना की है। उसने समाज को इससे सीख लेने की बात कही है।


अन्य समाचार