उदाकिशुनगंज बाजार की सड़क पर अतिक्रमण के कारण लगता है जाम



संवाद सूत्र उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)
अनुमंडल मुख्यालय के मुख्य बाजार की सड़क को अतिक्रमण कर लिए जाने के कारण रोज जाम लगता है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था नहीं की जाती है। जाम को लेकर पुलिस भी बेपरवाह है। घंटों जाम की समस्या अब आम होती जा रही है।
मुख्यालय के बैंक चौक, गुदरी चौक के एक होटल के सामने, दुर्गा स्थान के समीप सड़क पर ही वाहन खड़े कर लोग बैंक का काम करते हैं। वहीं, जगह-जगह मुख्य बाजार की सड़क पर गाड़ी खड़े कर लोग खरीददारी किया करते हैं। गुदरी चौक के पास आम्रपाली के पास सड़क पर दोपहिया वाहनों की कतार लगी रहती है। दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे की दो से तीन फीट सड़क अतिक्रमण कर दुकान लगाने से भी जाम लगता है। इसी वजह से जाम की समस्या बनती हैं। जाम से प्रशासन अनजान भी नहीं है। पुलिस प्रशासन को भी जाम झेलना पड़ता है। शुक्रवार को गुदरी चौक पर होटल के सामने वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों जाम रहने के बाद भी पुलिस नहीं आई। बाद में धीरे-धीरे खुद जाम हटा। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जाम की समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से जाम से मुक्ति दिलाने की मांग की। बताया जाता कि कुछ माह पहले ही प्रशासन ने अतिक्रमण अभियान चलाया था। फिर प्रशासन के ढंडे पड़ जाने के बाद दुकानदारों ने सड़क की जमीन को अतिक्रमण कर लिया है। जिससे परेशानी हो रही है। प्रशासन के ताजा फरमान से लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। एसडीओ राजीव रंजन कुमार सिन्हा और डीएसपी सतीश कुमार के जारी संयुक्त आदेश के बाद अब शहर से अतिक्रमण हटेगा। अतिक्रमण मुक्ति के लिए नप ने भी कमर कस ली है। फिलहाल लोगों को 24 घंटे की मोहलत दी गई है। उसके बाद प्रशासन का डंडा चलेगा।

अन्य समाचार