एसएच 58 पर मक्का तैयार करने व सुखाने से हो रही दुर्घटनाएं

संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा)। सड़क हादसे के लिए चर्चित हो उदाकिशुनगंज से भटगामा एसएच 58 मार्ग पर जगह-जगह मक्का सुखाने से स्थिति और खराब हो गई है। मक्का सुखाए जाने से हमेशा दुर्घटना घटने की आशंका बनी रहती है।

मार्ग पर जहां-तहां मक्का बिछे रहने से जहां एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर जिदगी एवं मौत से जूझ रहा है। मालूम हो कि उदाकिशुनगंज से भटगामा जाने वाली एसएच 58 मुख्य मार्ग इन दिनों किसानों के मक्का तैयार करने व सुखाने का साधन बनकर रह गया है। मार्ग पर सड़क किनारे अवस्थित किसानों द्वारा बड़े पैमाने पर प्रतिदिन मक्का तैयार करने से लेकर सुखाने का कार्य किया जा रहा है। यह सिलसिला सुबह से शाम तक लगातार जारी रहता है। यह स्थिति छोटे व दो पहिया वाहनों के लिए काफी खतरनाक साबित होती जा रही है। मालूम हो कि बीते चार मई की सुबह पुरैनी थाना क्षेत्र के बंशगोपाल पंचायत के चटनमा निवासी 35 वर्षीय बुद्धन सिंह अपने बहनोई पुर्णिया जिलान्तर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के बभनचक्का निवासी दिलों सिंह के साथ बाइक से नवगछिया लोकमानपुर में रहने वाले अपने भाई के दाह संस्कार में जा रहा था। इस दौरान चौसा के समीप सड़क पर सूख रहे मक्का पर गाड़ी फिसलने से वह सड़क किनारे लगे संकेतक बोर्ड से जा टकराया। इसमें बुद्धन सिंह की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके बहनोई दिलो सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जबकि 10 मई की रात्रि में भागलपुर जिले के खैरपुर कदवा से बाइक से अपने घर लौट रहे चटनमा निवासी विलास मेहता घोषई व धुरिया के बीच सड़क पर जमा किए मक्के की ढेर पर चढ़ने से वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। प्रखंड जाप अध्यक्ष मु.सहादत, युवा शक्ति अध्यक्ष राजेश रोशन, रामचंद्र पंडित, संजय झा, सुशील यादव, लड्डू यादव, राहुल कुमार, नित्यानंद शर्मा, मंटू यादव, सतीश चंद्र मिश्रा, मु.अब्बास राही, विवेक कुमार, पोलेंद्र सिंह निषाद आदि ने इस मामले में डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए इस पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है।

अन्य समाचार