इलाज कराने के बहाने ले गया पति, रास्ते में हत्या करने का आरोप

बेतिया। इलाज कराने के बहाने पत्नी को घर से ले जाकर रास्ते में पति ने उसकी हत्या कर दी। फिर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पत्नी को अस्पताल ले गया। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों के हवाले कर दी है। घटना बुधवार की रात जगदीशपुर ओपी क्षेत्र के कठैया हरदिया के समीप की है। कुछ लोग इस घटना को दुर्घटना मान रहे हैं। मृतिका की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर निवासी कमलेश पासवान की पत्नी गीता देवी (25) के रूप में की गई है। उसके दोनों पैर कटे हैं। सिर पर जख्म का निशान पाया गया है। मृतिका के भाई मझौलिया के घोड़ा सेमरा निवासी चंदन पासवान ने अपने बहनोई व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई चंदन पासवान ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2015 में कमलेश पासवान से हुई थी। उसे 5 व 3 वर्ष की दो पुत्री हैं। शादी के बाद से ही पति दुकान खोलने के बहाने दहेज में 5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये नहीं देने पर बहन को प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में दहेज प्रताड़ना का केस भी हुआ था। 20 अप्रैल को पति ने कोर्ट में बांड बनाया। कोर्ट से वादा किया कि पत्नी को घर ले जा रहा है, उसे बढि़या से रखेगा। मृतिका के भाई ने आरोप लगाया है कि बुधवार की रात इलाज कराने के बहाने ले जाकर उसकी बहन की हत्या कर दी गई है। इस मामले में उसने पति कमलेश पासवान, बिदा पासवान, प्रकाश पासवान, पूनम देवी, जगमातो देवी, राहुल कुमार, सुनीता देवी को आरोपित किया है। जमादार पारस कुमार ने बताया कि महिला के स्वजनों का बयान दर्ज किया गया है। स्वजनों ने पति सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। इधर जगदीशपुर ओपी प्रभारी राजू कुमार मिश्र ने बताया कि रात को दुर्घटना की सूचना मिली। वे मौके पर गए। लेकिन जानकारी मिली कि पति महिला को लेकर अस्पताल चला गया है। स्वजनों के बयान के आलोक में कार्रवाई की जाएगी।


अन्य समाचार