हथकड़ी खोल पुलिस हिरासत से फरार आरोपित 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार

शिवहर। जानलेवा हमले के मामले में तरियानी पुलिस की हिरासत से हथकड़ी खोल फरार होने वाला जानलेवा हमले का आरोपित 12 घंटे के भीतर पकड़ा गया। चौकीदारों के सहयोग से नगर थाना पुलिस ने आरोपित कुशहर निवासी अरुण साह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताते चलें कि, 09 मार्च को तरियानी थाना के कुशहर गांव में लोक अदालत के लिए नोटिस बांटने पहुंचे चौकीदार जयमंगल पासवान की आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पिटाई कर दी थी। वहीं नोटिस समेत कागजात फाड़ दिए थे। आरोपितों ने उसकी पत्नी की भी पिटाई की थी। घटना की बाबत जयमंगल पासवान ने तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें गौरी साह, उसके पुत्र अशोक साह, अरुण साह, पत्नी पार्वती देवी, भगिया देवी व द्रौपदी देवी समेत छह को नामजद किया था। इस मामले में अरुण साह दो माह से अधिक समय से फरार चल गया था। तरियानी थाना पुलिस ने कुशहर गांव में छापेमारी कर अरुण साह को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं उसे कोर्ट में पेश करने की जिम्मेदारी तरियानी थाने में तैनात चौकीदार सह नरवारा वार्ड छह निवासी राकेश कुमार व सुनील कुमार को दी गई थी। दोनों चौकीदार उसे लेकर शिवहर पहुंचे। उसके कोर्ट लेकर जाते, इसी बीच आरोपित हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था। मामले में चौकीदार राकेश कुमार ने नगर थाने में पुलिस हिरासत से फरार अरुण साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद दोनों चौकीदारों के शहर से पुलिस ने आरोपित को दोबारा गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


अन्य समाचार