सिमरी के रामपुर मठिया से पांच किलो 200 ग्राम गांजा के साथ एक गिरफ्तार

बक्सर : थाना क्षेत्र के मझवारी पंचायत अन्तर्गत रामपुर मठिया गांव के समीप सोमवार की शाम पुलिस ने पांच किलो दो सौ ग्राम गांजा के साथ मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया व्यक्ति डुमरी गांव का निवासी बताया जाता है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसी गुप्त सूचना मिली थी कि मनोज कुमार रामपुर मठिया गांव के समीप सड़क के किनारे एक घर में गांजा का भंडारण किए हुए है। सूचना को आधार मान थानाध्यक्ष सुनील कुमार निर्झर ने बिना देर किए रेखांकित स्थान पर छापेमारी कर उसे धर दबोचा। तलाशी के क्रम में संबंधित घर से पुलिस ने पांच किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है। पकड़े गए व्यक्ति द्वारा गांजा की खरीदारी किसके यहां से की गई थी, पुलिस इस बारे में गहनता के साथ छानबीन कर रही है। इधर, पुलिस की इस कार्रवाई से इलाकाई गांजा तस्करों व फुटकर विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है।

गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ जारी
गांजा बरामदगी मामले में गिरफ्तार व्यक्ति से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। विश्वस्त सूत्रों की माने तो पूछताछ के क्रम में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिससे कई सफेदपोश लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना तेज हो गई है। हालांकि, इस मामले में थानाध्यक्ष ने सिर्फ इतना ही बताया कि पुलिस अपने काम में बेहद संजीदगी के साथ लगी हुई है और इसके सार्थक परिणाम बहुत जल्द सामने आएंगे।
संभावितों के खिलाफ पुलिस छापेमारी तेज
गांजा कारोबारी से मिले अहम सुराग के आधार पर पुलिस संभावितों के खिलाफ छापेमारी तेज कर दी है। इस सिलसिले में कई स्थानों पर छापेमारी हुई है, मगर पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से गुरेज कर रही है। थानाध्यक्ष की माने तो पुलिस जांच जारी है और इसकी जद में आने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अन्य समाचार