अनियमितता पर भड़के जनप्रतिनिधि, कहा-नहीं चलेगी मनमानी



संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा) : प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में पंचायत समिति की द्वितीय सामान्य बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागीय पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर मुखिया व पंचायत समिति सदस्यों ने विरोध प्रकट कर जमकर आक्रोश जताया। बैठक में खासकर उप स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति व प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में व्याप्त अनियमितता को लेकर काफी गहमागहमी देखी गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह की निगरानी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख नविता कुमारी ने की। बैठक में सभी नौ पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व विभिन्न विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बीडीओ अरुण कुमार सिंह ने सभी पंचायत के मुखिया से प्रधानमंत्री आवास योजना के शत-प्रतिशत आवास का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर कराने के लिए लाभार्थियों को जागरूक करने की अपील की। कुरसंडी पंचायत के मुखिया कुंदन सिंह व गणेशपुर पंचायत के मुखिया मु.वाजिद ने प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में व्याप्त अनियमितता व प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम सहित अन्य कर्मियों की उपस्थिति का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। लिहाजा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिस उप स्वास्थ्य केंद्र में जो एएनएम पदस्थापित हैं वह वहां नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। मकदमपुर के मुखिया सुरेश ऋषिदेव ने प्रखंड क्षेत्र के डीलर को बिहारीगंज के बजाय उदाकिशुनगंज से खद्यान्न आवंटन कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में कई माह से घटिया अरवा चावल का आवंटन किया जा रहा है। वहीं मुखिया कुंदन सिंह ने लाभार्थियों को डीलर द्वारा निश्चित रूप से हर माह पर्ची देने का मामला उठाया।जिप सदस्या सरिता देवी ने आंगनबाड़ी केंद्र ससमय खुलने, केंद्र संचालन में पारदर्शिता लाने सहित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में सेविकाओं द्वारा टाल-मटोल करने का मुद्दा उठाया गया। पुरैनी मुखिया विनोद कांबली निषाद व पंसस रेखा पंडित ने वार्ड नंबर सात का आंगनबाड़ी केंद्र वार्ड संख्या एक में चलाए जाने का मुद्दा उठाया। वहीं गणेशपुर पंचायत के मुखिया मु.वाजिद ने वार्ड संख्या 11 कुशवाहा टोला गणेशपुर की सेविका रेणु कुमारी के तीन माह से गायब रहने सहित वार्ड संख्या छह डुमरैल का आंगनबाड़ी केंद्र उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय डुमरैल में चलने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। बैठक में पीएचईडी जेई पवन कुमार को प्रखंड क्षेत्र के जल आपूर्ति विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों पर नल-जल योजना के तहत जल आपूर्ति की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबे समय से विद्यालय से फरार रहने वाले मध्य विद्यालय बासुदेवपुर में पदस्थापित शिक्षक श्याम कुमार एवं गणेशपुर दियारा के प्रधान शिक्षक मुन्ना पासवान का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण पूछने का प्रस्ताव लिया गया। जबकि लगातार बैठक के दौरान अनुपस्थित रहने वाले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी, कनीय अभियंता विद्युत का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण पूछे जाने का प्रस्ताव लिया गया। बैठक में अंचलाधिकारी किशुन दयाल राय, पंचायत राज पदाधिकारी उदय कुमार महतो, कृषि पदाधिकारी ओमप्रकाश यादव, राजस्व पदाधिकारी मु.ताबिश हसन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विनय कृष्ण प्रसाद, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा राजेश कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी मनीष कुमार, कनीय अभियंता पीएचईडी पवन कुमार, कनीय अभियंता मनरेगा शीला कुमारी, कनीय अभियंता पंचायती राज अमन कुमार, एएसआइ उदय तिर्की, कार्यपालक सहायक आपूर्ति पंकज कुमार, महिला पर्यवेक्षिका कंचन कुमारी, प्रभा कुमारी, कुमारी निशा भारती, बीआरपी ममता कुमारी, उपप्रमुख शंभू साह, मुखिया दिनेश शर्मा, सुभाष कुमार भारती, सावित्री सिंह, रेखा देवी, रीता कुमारी, पंसस अंशु कुमार सिंह, मु.निसार, पवन गोस्वामी, शिवधन शर्मा, मंजीत कुमार, पुष्पा कुमारी, सीमा कुमारी, किरण देवी, पंचायत सचिव छुतहरू पासवान, श्रीचंद महतो सहित दर्जनों अन्य उपस्थित थे।

अन्य समाचार