राजेश हत्या कांड मामले का 72 घंटे बाद भी नहीं हुआ उद्भेदन

संवाद सहयोगी, किशनगंज : राजेश हत्याकांड मामले में उसके स्वजनों ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या करने की आशंका जताते हुए अर्राबाड़ी ओपी मे लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की बात कह रही हैं।

अस्पताल रोड निवासी राजेश कामती हत्या कांड में पुलिस अबतक किसी ठोस बिदु पर नहीं पहुंची है। लेकिन घटना के उदभेदन के लिए घटना स्थल से भी कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतक का कपड़ा व बाइक भी बरामद किया है। इसके बाद कुछ जरूरी साक्ष्य भी लिया गया है। पुलिस इस आधार पर घटना की छानबीन में जुटी हुई है।

वहीं पुलिस ने मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी की है। पुलिस ने राजेश के जान पहचान वालों से भी आवश्यक जानकारी ली है। इस मामले में कुछ अन्य बिदु भी सामने आए हैं। राजेश का मोबाइल लोकेशन भी खंगाला जा रहा है। वह जब अपने घर से निकला था उस समय मोबाइल का लोकेशन किस स्थान का था। इसके बाद घटना के दिन भी अंतिम लोकेशन कहां का था। हालांकि हत्या की गुत्थी अब तक अनसुलझी ही है। इधर मृतक के परिजनों के घर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी शोभा देवी अपने पति के बारे में सोच-सोच कर परेशान हैं। हर पल उसकी आखों से आंसू टपकने लगते हैं। सगे संबंधी व आसपास के लोग भी मृतक के परिवार वालों को दांढ़स बंधाने पहुंच रहे हैं। मृतक के चार पुत्र रवि, रमेश, रामकुमार व रोहित और दो पुत्री है। बड़े पुत्र रवि कामती ने बताया कि शिकायत अर्राबाड़ी ओपी में किया गया है। जिसमें एक महिला समेत तीन के नामजद बनाया गया है। मृतक के पत्नी शोभा देवी ने बताया कि उनके पति बीते बुधवार को छत्तरगाछ फिरोज आलम के पास होटल के बकाया राशि लेने गए थे। वहीं सालखी मे मृतक का तीन कट्ठा जमीन है। इस जमीन को लेकर सालखी के अंजार आलम व पगली चायवाली से विवाद चल रहा था।
बताते चलें कि बुधवार से लापता राजेश कामती का शव शुक्रवार को खड़खड़ी के पास डोक नदी में मिला था। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आंशका जताते हुए अस्पताल रोड से बाजार जाने वाली सड़क को जाम कर दिया था। अर्राबाड़ी ओपी प्रभारी बाबूलाल राम ने बताया परिजनों के लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिसमें एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद बनाया गया है। पुलिस मामले की अनुसंधान में जुटे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के इंतजार में है। पुलिस ने पूछताछ के लिए सालखी निवासी अंजार आलम को हिरासत मे लेकर पुछताछ कर रही हैं। वहीं छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल के फिरोज आलम के ठिकानो पर छापेमारी की गई है। फिलहाल वह घटना के बाद से फरार है। उसे पुलिस जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करेगी।

अन्य समाचार