बारिश से मिली राहत, खेतों में जलजमाव

बगहा। बीते शनिवार और रविवार को सुबह हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। सुबह के समय मौसम सुहाना रहा। तापमान गिरने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं खेतों में भी जलजमाव का नजारा दिखाई दिया। जिससे खेती किसानी के काम में तेजी दिखाई दी। गन्ना समेत अन्य फसलों में उर्वरक देने का काम कृषकों के तरफ से किया गया। इधर बारिश के बाद धान के बीज गिराने के काम में भी तेजी आई है। इधर तेज हवा से आम और लीची के फसलों को नुकसान की भी सूचना मिली है। वहीं गन्ना और सब्जी समेत अन्य फसलों को फायदा हुआ है। फसलों पर हरियाली छा गई है। इधर नगर की सड़कों पर जलजमाव के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई। कई स्थलों पर जलजमाव का नजारा दिखाई दिया। रविवार को तापमान अन्य दिनों से करीब सात से आठ डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। बारिश और तेज हवा के कारण बिजली भी कई घंटे तक बाधित रही।


मौसम विभाग के सूत्रों की मानें तो, आने वाले दो दिनों में मौसम का उतार चढ़ाव जारी रहेगा। रविवार का अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया है। जो अन्य दिनों से करीब आठ डिग्री तक कम है। उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार की देर रात और रविवार की सुबह झमाझम बारिश हुई है। साथ हीं तेज हवा भी चली है। जिसके बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि तेज हवा के कारण कई इलाकों में रात से हीं बिजली भी बाधित है। जिसे रविवार को दोपहर बाद तक बहाल नहीं किया जा सका है। इससे ग्रामीण इलाका अधिक प्रभावित रहा। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता राजीव रंजन ने बताया कि कुछ जगहों पर समस्या आई है। जिसको ठीक करने का काम चल रहा है। शाम तक सभी जगह आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।
इधर प्रखंड के प्रभारी कृषि पदाधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि बारिश से खेतों में लगे फसलों को फायदा होगा। धान के बीज तैयार करने में किसानों को सहूलियत होगी। खेतों में पर्याप्त नमी और जलजमाव हुआ है।

अन्य समाचार