साप्ताहिक रविवारीय साइकिल यात्रा और विश्व पर्यावरण दिवस का मिलन सुखद संयोग

संवाद सहयोगी, जमुई। साइकिल यात्रा विचार मंच की साप्ताहिक रविवारीय साइकिल यात्रा और विश्व पर्यावरण दिवस का मिलन सुखद संयोग है। इसे यादगार बनाने के लिए साइकिल यात्रा विचार मंच के सदस्यों ने अन्य यात्रा से कुछ अलग हटकर कार्यक्रम को मूर्त रूप दिया।

मंच के सदस्यों ने सदर प्रखंड अंतर्गत दौलतपुर पंचायत की नीम नवादा गांव में पौधारोपण व पर्यावरण जागरूकता का संदेश देकर यात्रा पूर्ण की। इस दौरान सदस्यों ने ग्रामीणों से पौधारोपण के साथ-साथ उसकी सुरक्षा की भी अपील की। साथ ही पेड़ पौधे से संभावित फायदे से अवगत कराया।

गांव में पूर्व के आरोपित पौधों को पेड़ बनाने में पर्यावरण संरक्षण कर अतुलनीय योगदान देने के लिए जयनंदन प्रसाद एवं डा विनय कुमार को पर्यावरण का सच्चा मित्र बताया गया। मंच के सदस्य सिटू कुमार ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों के साथ पौधारोपण एवं अध्ययन सामग्री का वितरण कर अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर इनके द्वारा बताया गया कि बच्चे हमारे भविष्य हैं, इनको अभी से ही अच्छी शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूक करना होगा।
मंच के सदस्य आकाश कुमार ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम है ''प्रकृति के प्रति अपना कर्तव्य'' यानी हर इंसान यदि स्वच्छ रहना चाहता है तो अपने रोजमर्रा कार्यो के अलावा प्रतिदिन 5-10 मिनट प्रकृति को देना होगा। जीवन शैली इतनी भागदौड़ वाली हो गयी कि अपने स्वास्थ्य और वातावरण के बारे में सोंचते ही नही है। सदस्य हरेराम कुमार सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें इस बात का एहसास दिलाता है कि हमें प्रकृति का सम्मान करना चाहिए एवं अपनी प्रकृति से प्रेम करना चाहिए। आधुनिक समय में औद्योगिकीकरण ने कार्बन उत्सर्जन की मात्रा को कई गुणा बढ़ा दिया है। कार्बन से उत्पन्न प्रदूषण को तभी कम किया जा सकता है, जब हम खूब पेड़-पौधें लगाएंगे एवं नदी, नाले, झरने इत्यादि की रक्षा करेंगें।इस अवसर पर सदस्य शेषनाथ राय, अजीत कुमार, रंधीर कुमार, विनय कुमार तांती, सिटू कुमार, हरेराम कुमार सिंह, आकाश कुमार, अभिषेक राज, लड्डू मिश्रा, शरद कुमार, कुंदन सिन्हा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

अन्य समाचार