नीलगाय के आतंक से किसान परेशान, कर रहे चौकीदारी

संवाद सहयोगी, जमुई। नील गाय के आतंक से किसान परेशान हैं। झुंड में नीलगाय फसलों को बर्बाद कर रहा है। रात का अंधेरा हो या फिर दिन का उजाला इसे कोई फर्क नहीं पड़ रहा। खाने से ज्यादा इसके पैरों से फसल की बर्बादी हो रही है। सदर प्रखंड के खड़सारी, चनवारा तथा सिकंदरा प्रखंड के मंजोष गांव में नील गाय फसलों के लिए आतंक बना है। किसानों ने बताया कि तीनों गांवों में लगभग चार सौ बीघा में मूंग की खेती की गई है। फसल की रक्षा के लिए किसान रात दिन खेतों पर पहरा दे रहे हैं। बावजूद नील गाय फसल को चर जाता है। मंजोष के अमरजीत, दीपक कुमार, शंकर सिंह, मुकेश कुमार, रंजीत, शोभाकांत ने बताया कि मंजोष में लगभग 250 बीघा में मूंग की खेती की गई है। नीलगाय के आतंक से हम किसान परेशान हैं। नील गाय की संख्या लगभग 40 से 45 है। यह कुछ मिनटों में ही बहुत कुछ नुकसान कर जाता है। वो लोग रात दिन खेत पर पहरा दे रहे हैं। फिर भी नीलगाय से फसल को नहीं बचा पा रहे हैं। खड़सारी के शिव कुमार सिंह व चनवारा के उमा सिंह ने बताया कि नील गाय ने मूंग फसल को बहुत नुकसान पहुंचाया है। बताया जाता है कि करीब चार साल पहले नील गाय की संख्या महज चार थी। उस समय किसानों ने इसे नजरअंदाज किया। अब इसकी संख्या बढ़कर 40 से 45 की हो गई है। किसानों ने कृषि विभाग और जिला प्रशासन ने इससे राहत दिलाने की मांग की।


अन्य समाचार