वृद्ध महिला डीलर व उनके पुत्र पर दर्ज हुआ मुकदमा



जागरण संवाददाता, मुंगेर: नगर क्षेत्र के माधोपुर वार्ड संख्या 16 में सोमवार को वृद्ध महिला डीलर अहिल्या देवी की दुकान की जांच प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डीडी झा ने की। सदर अनुमंडल पदाधिकारी खुशबू गुप्ता के निर्देश पर की गई जांच में पाई गई अनियमितता रिपोर्ट के बाद सदर एसडीओ ने डीलर व दुकान का संचालन कर रहे उनके पुत्र मुकेश कुमार पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दिया। इसके बाद मंगलवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने वासुदेवपुर थाना में डीलर अहिल्या देवी व उनके पुत्र मुकेश कुमार पर मुकदमा दर्ज किया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने इनकी पुष्टी करते हुए कहा कि लाभुकों की शिकायत पर डीलर के दुकान की जांच की गई। वहां 5.75 क्विटल खाद्यान कम पाया गया। रिपोर्ट दिए जाने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी ने स्वयं दुकान की जांच कर मामला सही पाया और उन्हें एफआईआर का निर्देश दिया। पुलिस मामलें की छानबीन कर रही है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से किए गए इस कार्रवाई के बाद शहरी क्षेत्र के डीलरों में हड़कंप देखा जा रहा है। बता दें कि पीडीएस सिस्टम को दुरूस्त किए जाने की कवायद सदर अनुमंडल पदाधिकारी खुशबू गुप्ता लगातार कर रही है। उनके इस एक्शन के बाद अब रेट एंड वेट (दर व वजन)की शिकायत में काफी कमी आई । लाभुकों के साथ डीलर का व्यवहार भी लचीला हो गया है। आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर दिखने लगी है।

अन्य समाचार