सूची में सुधार के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल) : सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड की ढ़ोली पंचायत में विस्थापित परिवारों को लाभ देने हेतु बनाई गई सूची में सुधार करने को लेकर पंचायत के कई लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल को आवेदन दिया है।

दिए आवेदन में लोगों ने कहा है कि वर्ष 2020-2021 के आधार पर ग्राम पंचायत ढ़ोली में विस्थापित परिवारों की सूची बनाई गई है। उस सूची में कई प्रकार की विसंगति है। आवेदन में कहा गया है कि पूर्व के जनप्रतिनिधि द्वारा अपने पक्ष के लोगों का नाम बाढ़ विस्थापित सूची में डाल दिया गया जबकि वैसे लोगों का घर अभी तक कटाव से प्रभावित नहीं हुआ है। जिन लोगों का घर कटाव से प्रभावित हुआ और वैसे परिवार विस्थापित होकर दूसरे जगह पर जा बसे हैं उसका नाम सूची से अलग कर दिया गया है। अब उसी सूची को आधार मानते हुए आगे के समय में बाढ़ आपदा लाभ देने की बातें कही जा रही है जो गलत है। आवेदन में लोगों ने कहा है कि कटैया गांव पूरी तरह से विस्थापित हो गया लेकिन उस गांव के लोगों का नाम बाढ़ आपदा लाभ सूची में नहीं है। उसकी जानकारी लोगों को कुछ दिन पूर्व मिली है। आवेदन में लोगों ने कहा है कि वर्तमान में जिस सूची को आधार मानते हुए आगे के समय में लाभ देने की बातें कही जा रही है वह सूची पूरी तरह से गलत है। आपदा लाभ के लिए स्थल सर्वेक्षण कर सूची बनाई जानी चाहिए ताकि कोसी नदी से सही रूप में प्रभावित लोगों तक लाभ पहुंच सके। लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि सूची की जांच कर वैसे व्यक्ति का नाम लाभ सूची में डाला जाए जिसका घर सही में कोसी नदी के कटाव से विस्थापित हुआ है। आवेदन पर 30 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हैं।

बता दें कि बाढ़ आपदा लाभ देने के लिए इससे पूर्व बाढ़ समाप्त होने के बाद प्रभावित परिवारों की सूची बनाई जाती थी और उस आधार पर लाभ दिए जाते थे। लेकिन इस बार पहले ही सूची बना ली गई है और उसी आधार पर आगे के समय में लाभ दिया जाना है। उसी सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए लोगों ने उसको रद कर नए सिरे से सूची बनाने की मांग की है।

अन्य समाचार