पत्नी की विदाई कराने ससुराल आए युवक की बोरे में मिली लाश

समस्तीपुर। जौनापुर मटिऔर फोर लेन में बोरे में बंद मिली युवक की लाश की शिनाख्त कर ली गई है। युवक गणेश साह (26) चकसाहो वार्ड 5 निवासी विजय साह का 28 वर्षीय पुत्र है। पूरा परिवार रामगढ़ कैथा मोर थाना क्षेत्र के बाजार समिति के पास रहता था। विजय साह का सबसे बड़ा लड़का था और मोहनपुर ओपी क्षेत्र के विन्दगामा गांव में उसका ससुराल था। उसकी शादी 10 वर्ष पूर्व बिदगामा के संजय साह की पुत्री से हुई थी। उसे दो पुत्री तथा दो पुत्र भी हैं। डीएसपी ओमप्रकाश अरुण ने बताया कि जब शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा जा रहा था तो मुसरीघरारी में उसके एक रिश्तेदार को यह जानकारी मिली। जब उन्होंने शव को देखा तो उन्होंने उसकी पहचान कर ली और उसके परिवार वालों को रामगढ़ में इसकी सूचना दी। बाद में उन्होंने मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया जिस पर उसके पिता और भाई से पुलिस की बात हुई। पिता ने बताया कि 10 दिन पूर्व वह पत्नी की विदाई कराने गया था कितु विदाई नहीं की गई और उसे भगा दिया गया। बुधवार को फिर अपने ससुराल आया और अपने पिता से बातचीत भी की। कहा कि वह अपने ससुराल बिदगामा में रह रहा है। गुरुवार से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। अनुमान किया जा रहा है कि उसकी उसी दिन हत्या करके उसकी लाश को बोरे में बंद करके फेंक दिया गया था। ऐसे मामले का खुलासा प्राथमिकी दर्ज होने के बाद हो पाएगा। अंदेशा है कि ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या की। इस संबंध में मोहनपुर ओपी क्षेत्र में समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया गया था। आवेदन किए जाने के बाद मामला स्पष्ट होगा और नामजद अभियुक्तों के विषय में पता चल पाएगा। डीएसपी ओमप्रकाश अरुण ने बताया कि वह 3 दिन पूर्व ससुराल पत्नी को विदा कराकर ले जाने के लिए आया था कितु ससुराल वालों ने उसकी पत्नी की विदाई नहीं की। इसको लेकर तनाव की स्थिति थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामला और स्पष्ट हो सकेगा। उसके चचेरे भाई ने चकसाहो में बताया कि वह तीन दिन पूर्व ससुराल गया था कितु वह लौट कर नहीं आया। उसके परिवार के अन्य सदस्य अभी रामगढ़ में ही हैं। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


अन्य समाचार