बैंक आफ इंडिया के पुराने भवन के पीछे वाला मार्ग बदहाल

रामगढ़, भभुआ। स्थानीय बाजार के पुराने बैंक आफ इंडिया शाखा भवन के पीछे वाला रास्ता बदहाल है। इस रास्ते के निर्माण को लेकर काफी पहले से कवायद चल रही है। लेकिन इस दिशा में कोई कार्य अबतक नहीं शुरू हो सका। लिहाजा लोग अभी भी कच्ची सड़क से आने जाने को विवश हैं। जबकि इस मार्ग को लेकर मुहल्ले के लोग कई बार प्रतिनिधियों के यहां गुहार लगा चुके हैं। लेकिन आश्वासन के अलावा अभी कुछ हासिल नहीं हो सका। अब मानसून आने वाला है। बरसात होते ही इस मार्ग से जाने वाले लोगों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ सकता है। जबकि बाजार को नगर पंचायत का दर्जा भी मिले एक वर्ष से अधिक होने को है। लेकिन नगर पंचायत के नाम पर विकास कार्य का भी कोई बजट नहीं बन सका। बंदीपुर, रामगढ़, गोड़सरा व रामगढ़ गांव को नगर पंचायत में शामिल किया गया है। लेकिन सफाई कर्मी केवल बाजार में ही झाड़ू लगाते हैं। बाजार के भी कुछ मुहल्ले तक नहीं पहुंचते। बैंक आफ इंडिया शाखा के पीछे सड़क से आने जाने वाले शिक्षक रामाशीष सिंह, नारद पांडेय, विशेश्वर चौबे, बाला प्रसाद, अशोक कुम्हार आदि लोगों ने कहा कि इस मार्ग से सौ घर से अधिक लोग जुड़े हैं। लेकिन इस मार्ग को पक्का बनाने की दिशा में पहल अब तक नहीं हो सकी। जल निकासी के लिए मनरेगा से नाली बनाने की योजना भी बनी थी। कार्य भी हुए थे। लेकिन गुणवत्ता के साथ कार्य नहीं होने से बनी नाली भी इसी में दफन हो गई। इन लोगों ने बताया कि बरसात के समय में हमलोगों को घर से बाजार आने में काफी फजीहत झेलनी पड़ेगी।


अन्य समाचार