सामाजिक पहल पर बिकने से बची नाबालिग लड़की

संवाद सूत्र, सरौन (जमुई): चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में माता-पिता ने अपनी ही नाबालिग लड़की को बेचने का प्रयास किया। मामले की जानकारी तब सबको लगी जब नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता और मां पर बेचने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह आंगनबाड़ी केंद्र आई तथा सेविका नीता कुमारी से बचा लेने की गुहार लगाई। लड़की का आरोप था कि उसके माता पिता उसे उत्तर प्रदेश के किसी लड़के के पास बेच देने की योजना बनाए हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए लड़के वाले आने वाले थे। लड़की का आरोप था कि इसके लिए सोमवार को उसे चकाई बाजार ले जाकर उसके पूर्व के निर्गत आधार कार्ड में उल्लेखित पता चकाई की जगह बदलवाकर उत्तर प्रदेश कराया गया। पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद आंगनबाड़ी सेविका नीतू कुमारी ने इसकी सूचना ग्रामीणों एवं मुखिया प्रतिनिधि चंद्र मौलेश्वर राय को दी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी चंद्रमंडी थाने को दी। मामले की जानकारी मिलते ही चंद्रमंडी पुलिस एवं मुखिया प्रतिनिधि गांव पहुंचे एवं लड़की की मां से बात की। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लड़की की मां को समझाया। इस पर उसकी मां ने बताया कि मामला पूरी तरह मनगढ़ंत है। ऐसा कोई भी कार्य उन लोगों द्वारा नहीं किया जा रहा है, जबकि उसके पिता घर में मौजूद नहीं थे। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम वहां गई थी। ग्रामीण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि ने सहयोग कर निदान कर लिया है। हालांकि, लड़की के माता पिता ने इस बात से इन्कार किया है।


अन्य समाचार