मानसून हुआ सक्रिय, 24 घंटे में अच्छी बारिश की संभावना

जागरण संवाददाता, पूर्णिया: मानसून अब सक्रिय हो गया है तथा धीरे-धीरे राज्य के अन्य हिस्सों में बढ़ रहा है। प्रवेश के बाद अभी तक सीमांचल में जमकर मानसून नहीं बरसा है लेकिन अगले 48 घंटों में यहां अच्छी बारिश की संभावना बन गई है। पूर्णिया मौसम केंद्र के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार के अनुसार जिले में मानसून की वर्षा के लिए अनूकूल स्थिति बनी हुई है। ऐसे में जमकर बारिश होने की संभावना है। इस बीच थंडरिग, मेध गर्जन एवं तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। वहीं बुधवार का दिन थोड़ा गर्म रहा जिस कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं मंगलवार की रात हल्की बारिश 1.9 एमएम रिकार्ड की गई है।


तीन दिन पूर्व सीमांचल के रास्ते बिहार में मानसून का प्रवेश हो चुका है लेकिन अभी तक जमकर वर्षा नहीं हुई है। मानसून के प्रवेश के साथ ही लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन जल्द ही उनकी आश पूरी होने वाली है। पटना मौसम विभाग ने इस संबंध में प्रेस रिलीज जारी कर लोगों को अलर्ट किया है। जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि अगले 48 घंटे में राज्य के कुछ अन्य भागों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति बनी हुई है। इसके प्रभाव से 16, 17 और 18 जून को राज्य के दक्षिण भागों में व्यापक रूप से वर्षा की संभावना है। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज आंधी आने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने सलाह दी है।
इधर पूर्णिया मौसम केंद्र के सहायक विज्ञानी राकेश कुमार ने बताया कि सीमांचल में भी वर्षा के लिए अनुूकूल स्थितियां बनी हुई है। बताया कि वायुमंडल के दबाव में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। वहीं पिछले 48 घंटे से बादल आसमान में आ-जा रहे हैं। मंगलवार की रात भी मेघ गर्जन व थंडर स्टोर्म के साथ तेज हवा भी चली। मध्यरात्रि के करीब 18 से 20 किमी की रफ्तार से हवाएं चली हैं तथा हल्की बारिश भी हुई है। वहीं बुधवार को आंशिक बादल के बीच धूप की गर्मी भी बनी रही जिस कारण लोग उमस से परेशान रहे। इस वजह से दिन के तापमान में वृद्धि भी हुई तथा अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि अधिकत और न्यूतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर बना रहा। उन्होंने बताया कि मानसून अब एक्टिव हो गया है तथा अगले 48 घंटे में झमाझम बारिश होने के आसार हैं।

अन्य समाचार