एनएच-31 पर चार लाख लूट में स्माइकर गिरोह की संलिप्तता

जागरण संवाददाता, खगड़िया : स्माइकर गिरोह ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। लगभग सभी थाने की पुलिस अलग-अलग स्माइकर गिरोह से परेशान है। कई मामले में स्माइकर गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। कम उम्र के युवकों का झुकाव तेजी से अपराध की ओर हो रहा है। स्माइक की लत के चलते युवा छोटी-बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं।

एनएच-31 के संसारपुर के समीप दिनदहाड़े चाकू की नोक पर चार लाख की लूट के मामले में भी स्माइकर गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। एसपी अमितेश कुमार के आदेश पर गठित टीम ने घटना के 24 घंटे के बाद ही करीब 40 हजार रुपये, चार मोबाइल के साथ 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसमें कई स्माइक की लत के शिकार बताए जा रहे हैं। परमानंदपुर के कई लोगों ने बताया कि जो युवा मजदूरी करके जी रहे थे, आज तेजी से स्माइक के शिकार हो गए हैं। पहले किसी का मोबाइल छीन लेना, घर से समान चुराकर बेच देने की शिकायत आती थी। अब बड़ी घटना में संलिप्तता से गांव के लोग भी परेशान हैं। महिला थाने के समीप घर बनाकर रह रहे एलआइसी एजेंट मनोज कुमार सिंह भी स्माइकर गिरोह से परेशान हैं। घर निर्माण को रखे रड और अन्य सामान स्माइकर गिरोह चुरा लेते हैं। शहर से लेकर गांव तक के लोग अलग-अलग इस गिरोह से परेशान हैं। कुछ महीने पहले साहेबपुर कमाल पुलिस ने कई स्माइक बेचने वालों को पकड़ा था। भारी मात्रा में स्माइक भी बरामद हुई थी। लेकिन कुछ दिनों के बाद एक बार फिर स्माइकर गिरोह की सक्रियता से लोग परेशान हो रहे हैं। बहरहाल, ऐसे गिरोह पर पूर्ण विराम लगाने की जरूरत तो है ही। एनएच-31 पर दिनदहाड़े तीन लाख 97 हजार की लूट मामले में परमानंदपुर और शहर के 10 अपराधियों को पकड़ा गया है। लूट के 38 हजार और चार मोबाइल भी बरामद किया गया है। इसमें कई के स्माइक सेवन की बात बताई जा रही है।


जयप्रकाश यादव, थानाध्यक्ष, मुफस्सिल, खगड़िया।

अन्य समाचार