उपमुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर हमला, तोड़फोड़

बेतिया। अग्निपथ योजना के विरोध में शुक्रवार को जिले में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। सैकड़ों की संख्या में सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। उपद्रवियों ने उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल, लौरिया विधायक विनय बिहारी और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सरार्फ के घर को निशाना बनाया और तोड़फोड़ की।

दोपहर में उपद्रवियों ने सुप्रिया रोड में उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के आवास पर पथराव किया। जिससे आवासीय परिसर में रखी कार क्षतिग्रस्त हो गई। खिड़कियों में लगे शीशे तोड़ दिए। इसके बाद छावनी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के भाई के पेट्रोल पंप पर हमला बोल दिया। वहां भी तोड़फोड़ की। कर्मी जान बचाकर वहां से भागे। इसी दौरान लौरिया के भाजपा विधायक विनय बिहारी उधर से गुजर रहे थे। उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी को रोक दिया और शीशे तोड़ डाले। हालांकि इस हमले में विधायक बाल-बाल बच गए। फिर उत्तरवारी पोखरा होते हुए पुरानी गुदरी गए और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सरार्फ के घर पर हमला बोला। वहां भी वाहनों के शीशे तोड़ डाले। उपद्रवी अस्पताल रोड स्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल के आवास पर पहुंच गए और तोड़फोड़ करने लगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर पेट्रोल व डीजल भी फेंके। इस दौरान आवासीय परिसर कर्मी जितेंद्र कुमार और अनमोल कुमार मिश्र ने विरोध किया तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया।

हाथ जोड़ते रहे पुलिस कर्मी, उपद्रवी करते रहे तोड़फोड़
बेतिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा संजय जायसवाल के घर में उपद्रव का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज देखने के बाद स्पष्ट हो रहा है कि पुलिस उपद्रवियों के सामने नतमस्तक थी। और उपद्रवी काफी उग्र रूप में थे। काफी आक्रामक रूप में घुसे थे। दिन के 11: 56 बजे का एक फुटेज सामने आया है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष की सुरक्षा में प्रतिनियुक्त जवान घर के दरवाजे को बंद कर उपद्रवियों से आग्रह कर रहे हैं कि आप सब लौट जाएं। हाथ जोड़कर निवेदन कर रहे हैं कि तोड़फोड़ नहीं करें। हालांकि उपद्रवी सीढ़ी के रास्ते ऊपरी तल पर भी चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। एक दूसरा फुटेज भी है, जिसमें स्पष्ट तौर पर दिख रहा है कि पहले तो पांच युवक लाठी - ठंडे के साथ घुसते हैं और कुर्सियों समेत अन्य सामानों की तोड़फोड़ कर रहे हैं। एक - एक कर एक दर्जन उपद्रवियों घर में घुस जाते हैं और तोड़फोड़ कर रहे हैं। प्राय: सभी उपद्रवी नकाबपोश की तरह हैं। मसलन, योजनाबद्ध तरीके से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के आवास में उपद्रवी घुसे थे।

अन्य समाचार