जिले में प्रदर्शन के दौरान उपद्रव पर छह केस दर्ज

जागरण संवाददाता, खगड़िया : अग्निपथ के लिए युवाओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को जिले में विभिन्न जगहों पर हुए उपद्रव को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त है। इसे लेकर कई पर कार्रवाई के साथ विभिन्न थानों में छह केस दर्ज किए गए हैं। एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के संबंध में उपद्रवी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जिले में छह केस दर्ज कराए गए है एवं इसका अनुसंधान किया जा रहा है। इसमें पांच केस खगड़िया अनुमंडल के तहत और एक केस गोगरी अनुमंडल के परबत्ता प्रखंड में दर्ज कराया गया है। आरपीएफ द्वारा दो प्राथमिकी, जीआरपी द्वारा एक प्राथमिकी, टाउन थाना द्वारा एक, मानसी थाना एक और परबत्ता थाने में एक केस दर्ज किया गया है। खगड़िया अनुमंडल में 15 चिह्नित व्यक्तियों सहित बड़ी संख्या में अज्ञात व्यक्तियों को नामजद करते हुए केस किया गया है। जिनकी पहचान की जा रही है। एसपी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर हुए उपद्रव में आर्मी में भर्ती की तैयारी कराने वाले शहर के चार बड़े कोचिग संस्थानों से जुड़े लोगों की सड़क, व रेल मार्ग बाधित करने और अगलगी के संबंध में संलिप्तता की जांच की जा रही है। इन संस्थानों के संचालक भी पुलिस के रडार पर हैं। ------------ प्रशासन के कड़े रुख के बाद परबत्ता में सड़क पर नहीं दिखे प्रदर्शनकारी



संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : सेना बहाली के नए नियम अग्निपथ को लेकर विपक्षी दलों द्वारा शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया था। परबत्ता में बंद का आंशिक असर दिखा। प्रशासन के कड़े रुख के कारण शनिवार को कोई प्रदर्शनकारी सड़क पर नहीं दिखे। हालांकि बंद की घोषणा के कारण वाहनों की आवाजाही कुछ कम रही। यात्री वाहन सड़क पर चलती रही। विभिन्न बाजारों में दुकाने भी खुली रही। पुलिस प्रशासन बंदी को लेकर जगह-जगह मुस्तैद थी। इसे लेकर हर जगह सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए थे। डीएम आलोक रंजन घोष एसपी अमितेश कुमार के साथ अनुमंडल पदाधिकारी अमन कुमार सुमन, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, मु. शफीक आलम, एएसडीओ चंद्र किशोर सिंह, गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी पसराहा स्टेशन सहित अन्य स्थलों पर पहुंच जायजा लेते दिखे। जगह-जगह मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती दिखी।

अन्य समाचार