वायरल वीडियो मामले में आया नया मोड़, महिला हिरासत में,

जागरण संवाददाता, खगड़िया : महिला के शराब पीते हुए वायरल वीडियो के मामले में नया मोड़ आ गया है। वीडियो में शराब पीती दिख रही महिला ने पुलिस को बताया है कि खगड़िया पटेल चौक निवासी अमित कुमार से उसके प्रेम प्रसंग ही नहीं बल्कि शादी भी हो चुकी है। अमित कुमार दरअसल महिला का प्रेमी नहीं बल्कि पति है। विवाह करने के बाद अमित कुमार के घर वाले उसे स्वीकार करने से इन्कार कर रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व महिला के साथ अमित के परिवार वालों ने मारपीट भी की। हालांकि चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने महिला के खिलाफ शराब पीने के आरोप में केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। शराब पीने की आरोपित महिला को न्यायिक हिरासत में मेडिकल कराने के बाद कोर्ट भेज दिया गया। वहीं महिला के बयान पर आरोपित पटेल नगर के अमित कुमार के खिलाफ उकसा कर महिला को शराब पिलाने का केस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे केस में सुपौल की रहने वाली उक्त महिला ने थाना में आवेदन देकर अमित कुमार, उसके भाई सुमित कुमार और अमित कुमार के माता-पिता सहित आधे दर्जन से अधिक लोगों पर शादी करने के बाद घर में नहीं रखने और दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही अमित कुमार के खिलाफ दो वर्षों से यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है। चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद वरीय पदाधिकारी ने जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि पीड़ित महिला चित्रगुप्त नगर थाना के आसपास ही रहती है। महिला के किराए के आवास पर छापेमारी कर हिरासत में लिया गया। जिसके बाद यह स्पष्ट हो पाया कि महिला की पटेल चौक के पास रहने वाले अमित कुमार के साथ प्रेम प्रसंग है। महिला ने बताया कि दोनों शादी भी कर चुके हैं। अमित कुमार के द्वारा ही शराब लाकर पीने को दिया गया था। जिस वायरल वीडियो में वह शराब पीते हुए दिख रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो के अनुसार मध निषेध कानून का उल्लंघन हुआ है। जिस वजह से महिला को हिरासत में लिया गया है। वहीं अमित कुमार की तलाश जारी है। पांच, छह दिन पहले महिला ने अमित कुमार द्वारा यौन शोषण के मामले में थाना में आवेदन दिया था। संभवत: उसके प्रतिशोध में अमित कुमार द्वारा शराब पीते हुए वीडियो वायरल किया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की। घर में नहीं रहने दिया। जिसके बाद वह चित्रगुप्त नगर थाना के पीछे पति अमित कुमार के साथ किराए के मकान में रहने लगी। लेकिन वहां आने के बाद पति उसे किराए के मकान में ही छोड़कर चला गया। महिला दो वर्षों से जिले में एक निजी शोरूम में करती है काम सुपौल की रहने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि वह बीते दो वर्षों से अधिक समय से खगड़िया में एक निजी कंपनी के शोरूम में काम करती है। अमित कुमार से प्रेम प्रसंग में पड़कर उसके साथ अंतरजातीय विवाह कर ली। महिला ने बताया कि उनके द्वारा कमाए गए पैसों को अमित कुमार जमकर लुटाया। महिला ने कहा कि वह जहां जहां उसे ले गया वह वहां गई। सूत्रों की माने तो पहले दोनों पटेल चौक के पास ही किराए के मकान में रहते थे। बाद में गोशाला रोड में रहने लगे। फिर वहां से चित्रगुप्त नगर थाना के पीछे किराए के मकान में रहने लगे। जहां शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ।

जिले में प्रदर्शन के दौरान उपद्रव पर छह केस दर्ज यह भी पढ़ें

अन्य समाचार