परबत्ता पहुंच एसडीओ ने लिया बाढ़ पूर्व तैयारी का जायजा

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : गोगरी एसडीओ अमन कुमार सुमन ने अंचल कार्यालय परबत्ता पहुंचकर बाढ़ पूर्व तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने नाव की स्थिति समेत अन्य बिदुओं पर सीओ अंशु प्रसून से जानकारी ली। चिह्नित ऊंचे स्थान, शरण स्थली आदि को लेकर विस्तार से जानकारी ली। कहा कि नाव की कोई दिक्कत नहीं हो। पर्याप्त संख्या में नाव की व्यवस्था की जाए। ताकि बाढ़ आने पर आवागमन की सुविधा रहे। बाढ़ से घिरे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। ताकि बाढ़ आने पर सुरक्षित प्रसव कराया जा सके। कहा कि बाढ़ पूर्व तैयारी में कोताही बरतने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। मालूम हो कि बीते वर्ष परबत्ता प्रखंड में गंगा की बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई थी। कज्जलवन पहुंच राय परिवारों से मिले, जाति प्रमाण पत्र में आ रही समस्याओं के बारे में जाना



इसके बाद वे जोरावरपुर पंचायत के कज्जलबन गांव पहुंचे। वहां पहुंच कर राय परिवार से जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में आ रही समस्या को लेकर जानकारी ली। कहा कि आखिर जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने में कहां पर समस्या है। आप लोगों के खतियान में पूर्वजों की कौन सी जाति अंकित है। कई लोगों ने उन्हें खतियान भी दिखाया। साथ ही कुछ लोगों ने वर्षों पूर्व निर्गत किए गए जाति प्रमाण पत्र भी दिखाया। वर्तमान में उनके परिवार के लोगों की शादी विवाह किस जाति में कहां-कहां हुई है्, इसकी भी जानकारी दी। साक्ष्य प्रस्तुत किए। एसडीओ ने मौजूद पंचायत सचिव इंद्रदेव प्रसाद सिंह को सभी बातें कलमबद्ध करने के निर्देश दिए। कहा, इसका समाधान शीघ्र निकल आएगा।

अन्य समाचार