आंगनबाड़ी केंद्रों पर 30 को होगा सूखा राशन का वितरण

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल) : सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आगामी 30 जून को सूखा राशन के रूप में चावल दाल और सोयाबीन का वितरण किया जाएगा। बाल विकास परियोजना कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार इसके लिए सभी सेविकाओं को राशि दे दी गई है। कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार सूखा राशन वितरण के लिए जिला स्तर से ही 30 जून की तिथि निर्धारित की गई है। जानकारी अनुसार प्रखंड में वर्तमान में 145 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। कार्यालय से दी गई जानकारी अनुसार प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 21 लाभुकों को सूखा राशन दिया जाएगा और स्कूल पूर्व शिक्षा के बच्चों को 10 दिनों तक भोजन दिया जाना है।


उधर कई सेविकाओं का कहना है कि पोषाहार राशि में भारी कटौती किए जाने से आंगनबाड़ी केंद्रों पर सूखा राशन वितरण में समस्या बढ़ जा रही है। कुछ सेविकाओं ने बताया कि पहले लाभुकों की संख्या 96 थी उसे घटाकर 56 कर दिया गया। अब लाभुकों की संख्या घटाकर 21 कर दी गई है। सेविकाओं का कहना है कि जब केंद्र पर सूखा राशन वितरण शुरू किया जाता है तो उसमें पोषक क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग पहुंच जाते हैं। पंजी से किसका नाम हटा दे इसको लेकर विवाद बढ़ते रहता है। कुछ सेविकाओं ने बताया कि यदि परियोजना में राशि नहीं है तो टीएचआर का वितरण बंद कर देना चाहिए। ऐसा होने से उन सब को ग्रामीणों का आक्रोश नहीं झेलना पड़ेगा। सेविकाओं का कहना है कि स्कूल पूर्व बच्चों की संख्या घटा देने से भी पोषक क्षेत्र में लोगों की नाराजगी काफी बढ़ गई है। सेविकाओं ने जिलाधिकारी तथा जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सुपौल से पूर्व की तरह पोषाहार राशि देने की मांग की है ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिया जा सके और लोगों में बढ़ रहे आक्रोश को कम किया जा सके।

अन्य समाचार