प्रखंड व पंचायत स्तर पर लगेगा जनता दरबार

संवाद सूत्र, मधेपुरा : जनता की शिकायत को दूर करने के उद्देश्य से हर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन कर लोगों की समस्याओं को सुना जाता है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को उसके निवारण का आदेश डीएम द्वारा जारी किया जाता है। अक्सर देखा जा रहा है कि जनता दरबार में अपनी समस्याओं को रखने के लिए सुदूर देहाती क्षेत्र के पीड़ित नहीं पहुंच पाते हैं। इसी वजह से सरकार ने फैसला किया है कि अब प्रखंड व पंचायत स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। जहां संबंधित क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं की फरियाद को लेकर पहुंच कर न्याय पा सकेंगे। यह जनता दरबार इसी माह से करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में मुख्य सचिव ने डीएम को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि जनता दरबार में डीएम समेत अनुमंडल मुख्यालय स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। यद्यपि इसके अलावा जिस प्रखंड में डीएम के द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा उस प्रखंड को छोड़कर जिले के अन्य सभी प्रखंडों में संबंधित प्रखंड व अंचल स्तरीय पदाधिकारी निर्धारित पंचायत में जनता दरबार का आयोजन कर लोगों की समस्या को सुनेंगे तथा प्राप्त शिकायतों का विधिवत निराकरण करते हुए डीएम को अवगत कराएंगे। प्रखंड मुख्यालय स्तर पर बीडीओ की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। 10 से एक बजे तक लगेगा जनता दरबार जारी आदेश में कहा है कि पंचायत, प्रखंड व जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन 10 से एक बजे तक किया जाएगा। इसमें जिला स्तरीय जनता दरबार में सभी शाखा प्रभारी, सभी अनुमंडल स्तरीय व जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता समेत अन्य कर्मी मौजूद रहेंगे। वहीं प्रखंड स्तरीय जनता दरबार में संबंधित प्रखंडस्तरीय व अंचल स्तरीय पदाधिकारी व एसडीओ व एसडीपीओ उपस्थित रहेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी जनता दरबार के आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करेंगे। पंचायत स्तरीय जनता दरबार में संबंधित प्रखंड व अंचल स्तरीय पदाधिकारी व संबंधित पंचायत के पंचायत स्तरीय कर्मी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।


अन्य समाचार