हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में जुटी जीविका दीदियां

जागरण संवाददाता, किशनगंज : आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के लिए हर ओर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कहीं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तो कहीं अभियान को सफल बनाने के लिए बैठक किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने में जिला की जीविका दीदियां भी जुट गई है। जीविका दीदियों को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1.25 लाख तिरंगा सिलाई कर देने का आर्डर मिला है। जीविका दीदियों को यह कार्य मिलते ही दिन-रात लगकर तिरंगा सिलाई में लगी हुई है। ताकि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को पूर्णत: सफल बनाया जा सके।


जिले के सातों प्रखंड के 1200 जीविका दीदियां तिरंगा सिलाई के कार्य में जुटी हैं। जिला प्रशासन की ओर से 16-24 साइज का तिरंगा झंडा सिलने को कहा गया है। इसके लिए 20 रुपये प्रति तिरंगा पर खर्च देने का निर्धारण किया गया है। तिरंगा झंडा सिलने का आर्डर मिलते ही जीविका दीदियां इस काम में लगी हुई हैं। वहीं जीविका के अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन के आर्डर के साथ-साथ जीविका की महिलाएं खुद के घर पर तिरंगा फहराने के लिए भी 1.25 लाख तिरंगा झंडा सिलेगी। इसको लेकर तिरंगा का सेंथेटिक कपड़े की खरीदारी के साथ सिलाई का कार्य किया जा रहा है।

जीविका दीदियां जिला प्रशासन से मिले तिरंगा झंडा बनाने के आर्डर पर सिलाई का काम शुरू कर दी है। 10 अगस्त तक तिरंगा सिलाई का काम पूर्ण कर लिया जाएगा।
राजेश कुमार, जीविका डीपीएम

अन्य समाचार