मोहर्रम पर्व में सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम, प्रशासन अलर्ट

मोहर्रम पर्व में सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम, प्रशासन अलर्ट

भभुआ: आगामी आठ व नौ अगस्त को मोहर्रम का पर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिले के सभी थाना में शांति समिति की बैठक कर लोगों के साथ जुलूस निकालने व रूट निर्धारण को लेकर विचार विमर्श कर लिया गया है। साथ ही जिले के 192 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों के साथ तैनात किया गया है। इसके बाद भी कुछ जगहों पर प्रशासन की विशेष नजर है। इसमें चैनपुर प्रखंड में प्रशासन का विशेष ध्यान है। वहां दो बार शांति समिति की बैठक कर आमलोगों को गाइडलाइन से अवगत करा दिया गया है। साथ ही बैठक में चैनपुर में नाल नहीं घुमाने का निर्णय लिया गया है। 192 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के अलावा गश्ती दल का गठन भभुआ व मोहनियां दोनों अनुमंडल क्षेत्र में किया गया है। वहीं जिला नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना की गई है। जिसका नंबर 06189-22080 है। जिला नियंत्रण कक्ष में पदाधिकारियों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है। मोहर्रम को लेकर जिला प्रशासन के स्तर से जारी गाइडलाइन के अनुसार भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदरपुर, हाटा, बिउर, मलिकसराय में प्रशासन की विशेष नजर है। यहां विधि व्यवस्था संधारण के लिए अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सुजीत कुमार व चांद के अंचल निरीक्षक राज कुमार सिंह को लगाया गया है। जबकि मोहनियां अनुमंडल क्षेत्र में कुदरा, जहानाबाद, सकरी, गंगवलियां, बेलौड़ी, सिसौड़ा, अखिनी में प्रशासन का विशेष ध्यान है। यहां डीसीएलआर मोहनियां दुष्यंत कुमार व पुलिस पदाधिकारी अंचल निरीक्षक मोहनियां इन्तेखाब अहमद को प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही मोहर्रम को लेकर सभी पदाधिकारियों व कर्मियों की छुट्टी रद कर दी गई है। सभी को यह निर्देश दिया गया है कि अवकाश अवधि में अपने-अपने मुख्यालय में बने रहेंगे। इसके अलावा सफाई, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य आदि से जुड़ी सभी तैयारी को पूरा रखने का संबंधित विभाग को निर्देश दिया गया है।

अन्य समाचार