रामकिकर अध्यक्ष और संजीव निर्विरोध सचिव निर्वाचित

संवाद सहयोगी, लखीसराय : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा लखीसराय का पांचवां शैक्षिक अधिवेशन सह जिलास्तरीय संगठन का चुनाव शनिवार को शहर के केआरके उवि लखीसराय में हुआ। इसमें जिले भर के माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। आयोजित अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव सुरेश प्रसाद राय, विशेष अतिथि प्रमंडलीय अध्यक्ष रामनरेश पांडेय, प्रमंडलीय सचिव श्याम नंदन सिंह, जमुई जिला संघ के अध्यक्ष सह राज्य पर्यवेक्षक रामपुकार सिंह एवं परशुराम सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। संगठन चुनाव में सभी पदों पर निर्विरोध पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिकर सिंह को संगठन का नया निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया। वहीं संजीव कुमार दूसरी बार जिला सचिव के पद पर सर्वसम्मति से चुन लिए गए। शैक्षिक अधिवेशन में जिला सचिव संजीव कुमार ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन पेश किया जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। राज्य प्रतिनिधि विपिन कुमार सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। संगीत शिक्षक रविद्र कुमार की देखरेख में साक्षी कुमारी एवं अन्य बच्चियों ने गणेश वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अधिवेशन में डीईओ विमलेश कुमार चौधरी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मैं शिक्षक संघ का काफी सम्मान करता हूं। संगठन द्वारा जो भी काम दिया जाता है उसे तत्परता के साथ करते हैं। अधिवेशन को संघ के वरीय नेताओं के अलावा प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष कुमार ब्रजेश, लोहरा कालेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. मनोरंजन कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। अधिवेशन के उपरांत जिला संगठन चुनाव की प्रक्रिया पर्यवेक्षक रत्नेश्वर शर्मा, मतदान पदाधिकारी परशुराम सिंह, सहायक मतदान अधिकारी मदन प्रसाद सिंह और शशिरंजन कुमार की देखरेख में कराया गया। जिला संगठन के चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर दूसरी बार संगीत शिक्षक अरविद कुमार भारती को और केआरके हाई स्कूल के प्राचार्य जिलेश्वर पंडित को निर्विरोध चुना गया। कोषाध्यक्ष पद पर महेश प्रसाद, राज्य प्रतिनिधि के रूप में विपिन कुमार सिंह और प्रमंडल कार्यसमिति के रूप में राजेश कुमार और डा. रामप्रवेश सिंह चुने गए। मूल्यांकन परिषद के अध्यक्ष के रूप में उमेश आचार्य और परीक्षा सचिव के रूप में कुंदन कुमार तथा संयुक्त सचिव के रूप में डा. विभास्कर किरण, दिनेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, रामलोचन और रंजीत कुमार राय चुने गए।

पशु अस्पताल बीमार, बिना दवा पशुओं का हो रहा इलाज यह भी पढ़ें

अन्य समाचार