अरक मुख्य सड़क पर बह रहा नाले का पानी, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

अरक मुख्य सड़क पर बह रहा नाले का पानी, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

संवाद सहयोगी, चक्की (बक्सर) : प्रखंड क्षेत्र के अरक पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 5 के भारत गैस एजेंसी के समीप मुख्य सड़क पर व्याप्त जलजमाव के कारण ग्रामीणों सहित छात्र एवं छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुख्य सड़क पर वर्षों से गंदे नाले का पानी सीधे सड़क पर बहने के कारण यह सड़क झील में तब्दील हो गई है।
भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर राज गौरव सिंह ने बताया कि अरक पंचायत वासियों के लिए यह सड़क मुख्य सड़क है। इसी सड़क से ग्रामीणों को चक्की मुख्यालय एवं कृष्णाब्रह्म जाना होता है लेकिन इस सड़क पर मानक के अनुरूप नाले का निर्माण नहीं होने के कारण कुछ घरों के गंदे नाले का पानी सीधे सड़क पर बहता है, जिसके चलते हमेशा सड़क पर जलजमाव जैसी समस्या उत्पन्न रहती है। जलजमाव के कारण बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। ऐस में आए दिन आवागमन करने वाले बाइक सवार गिर कर घायल होते हैं। इस समस्या से किसी अधिकारी को कुछ लेना-देना नहीं है, जबकि किसी बड़े अधिकारी का चक्की मुख्यालय जाना होता है तो इसी मुख्य सड़क से होकर जाना पड़ता है। बावजूद वर्षों से इस सड़क पर जलजमाव जैसी समस्या की किसी ने सुध नहीं ली।
महंगाई व सरकार के विरोध में महागठबंधन ने निकाला प्रतिरोध मार्च यह भी पढ़ें
गिरकर चोटिल हो जाते हैं स्कूली बच्चे
सड़क पर जलजमाव के चलते विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चे कई बार गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो जाते हैं लेकिन अभिभावकों को भी मजबूरन कोई दूसरा रास्ता नहीं है। वे भी इस सड़क से बच्चों को भेजने को लेकर विवश हैं। उनके पास कोई और ऑप्शन नहीं दिखाई दे रहा है। सड़क की बदहाल दशा के कारण आवागमन को लेकर परेशानी झेल रहे ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से लेकर पदाधिकारियों तक को सड़क की दशा सुधारने एवं जल निकासी की व्यवस्था करने की गुहार लगाई लेकिन, किसी ने भी आज तक संज्ञान में नहीं लिया।
- कहते हैं लोग
- राज गौरव सिंह का कहना है कि यह मुख्य सड़क अरक पंचायत वासियों के लिए वास्तव में कहीं भी जाने के लिए उनके लिए मुख्य सड़क है लेकिन, इस बदहाल सड़क की स्थिति को देखते हुए इससे आवागमन करने में भी डर लगता है।
- ग्रामीण कन्हैया प्रसाद खरवार का कहना है कि अरक पंचायत के लिए यह सड़क खास तौर पर मायने रखती है क्योंकि, इसी सड़क से मुख्यालय से लेकर किसी को घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए कृष्णाब्रह्म बाजार जाना भी होता है।
- ग्रामीण अशोक कुमार सिंह का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता इस समस्या का मूल कारण बनी हुई है। आज मानक के अनुरूप नाले का निर्माण हुआ होता तो यह दिन देखने को नहीं मिलता। उन्होंने वरीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया है।
- ग्रामीण सरोज शर्मा का कहना है कि इस जलजमाव की समस्या से सबसे अधिक प्रभावित सड़क के बगल में स्थित भारत गैस एजेंसी है। यहां रोजाना दूरदराज से भी उपभोक्ता गैस सिलेंडर भरवाने के लिए आते हैं। इस दौरान आए दिन इसमेें गिरकर लोग घायल होते हैं।

अन्य समाचार