बिक्री केंद्र प्रभारियों को इफको ने दिया प्रशिक्षण, नैनो यूरिया पर जोर

बिक्री केंद्र प्रभारियों को इफको ने दिया प्रशिक्षण, नैनो यूरिया पर जोर

जागरण संवाददाता, बक्सर : कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर के सभागार में सोमवार को इफको द्वारा आयोजित प्रशिक्षण सत्र के तहत बिक्री केंद्र प्रभारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान बिक्री प्रभारियों को फसल संबंधित जानकारियों के साथ ही विभिन्न उर्वरकों की उपयोगिता और उनके कार्य बताने के साथ ही इफको की प्रोडक्ट नैनो यूरिया की विशेष्ताओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते इफको के पूर्व उप महाप्रबंधक से योगेंद्र प्रताप सिंह ने सभी से आग्रह किया कि किसानों को नैनो यूरिया के महत्व और इसकी विशेष्ताओं के बारे में बिस्तार से बताये। इफको नैनो यूरिया के प्रयोग से ना सिर्फ मिट्टी की उत्पादन क्षमता बनी रहेगी, बल्कि सरकार द्वारा दिया जाने वाला सब्सीडी भी बचेगा। उन्होंने वैश्विक बाजार में फास्फेट की कीमतों में आई अचानक तेजी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि बक्सर जिला में यूरिया की रेक जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। केविके के वैज्ञानिक डॉ मान्धाता सिंह ने जलवायु अनुकूल कृषि को तेजी से परिवर्तित हो रहे मौसम की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने देर से हो रही वर्षा पर चिंता प्रकट करते बताया कि खेती के लिए यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। मौके पर डॉ रामकेवल सिंह ने किसानों से संतुलित उर्वरक के प्रयोग पर बल दिया। उन्होंने अत्यधिक यूरिया से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत मे इफको के क्षेत्रीय पदाधिकारी अभय कुमार ने धन्यबाद ज्ञापन किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बक्सर जिला के प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, पैक्स और व्यापार मंडल के अध्यक्ष, बिस्कोमॉन और ई-बाज़ार के बिक्री प्रबंधक इत्यादि मौजूद रहे।

अन्य समाचार