डाकघर से पांच दिन में बिक गए दो हजार तिरंगे

डाकघर से पांच दिन में बिक गए दो हजार तिरंगे

जहानाबाद : आजादी के अमृत महोत्सव में इसबार डाकिया चिट्ठी के बजाय घर-घर तिरंगा पहुंचाने में जुट गए हैं। पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करने वालों के घरों तक डाकिया के माध्यम से तिरंगा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। अब तक मुख्य डाकघर से आनलाइन बुकिंग के तहत तीन सौ तिरंगे झंडे लोगों के घरों तक पहुंच गए हैं। पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट पर जाकर अपने मोबाइल से आप भी आनलाइन बुकिंग कर आसानी से तिरंगा मंगा सकते हैं। एक मोबाइल नंबर से पांच तिरंगे झंडे की बुकिंग हो सकती है। इसके लिए प्रति झंडा 25 रुपए देने पड़ते हैं। इसके अलावा लोग सीधे तौर पर डाकघर जाकर भी तिरंगे की खरीदारी कर सकते हैं। मुख्य डाकघर में तीन हजार तिरंगे की आपूर्ति हुई है, जिसमें दो हजार की बिक्री हो चुकी है। इनमें तीन सौ ऑनलाइन तथा 1700 लोगों ने डाकघर जाकर तिरंगे की खरीद की है। स्टाक में अब एक हजार तिरंगा बच गए हैं, जल्द ही और आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगे की बिक्री के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। यह काउंटर छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 15 अगस्त को घर-घर तिरंगा फहराने को लेकर यहां झंडा खरीदने काफी लोग पहुंच रहे हैं। तिरंगा फहराने के लिए लोगों को जागरूक भी कर रहे डाक कर्मी डाक विभाग के लोग घर-घर तिरंगा फहराने के अभियान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक ओर जहां वे लोग पोस्ट ऑफिस के माध्यम से लोगों को तिरंगा बेच रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर यहां आने वाले लोगों को 15 अगस्त के दिन अपने घरों में तिरंगा फहराने को लेकर प्रेरित भी कर रहे हैं। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर अहीश कुमार, डाक अधीक्षक कन्हैया कुमार सिंह तथा डाक सहायक अभय कुमार ने बताया कि हम लोग पिछले एक सप्ताह से हर घर तिरंगा अभियान में जुटे हुए हैं। इसे लेकर लोगों को हरसंभव जागरूक कर रहे हैं। डाकघर में किसी भी काम से आने वाले लोगों को घर-घर तिरंगा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। लोगों को तिरंगा झंडा खरीदने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं बाजार की दुकानें भी तिरंगे झंडे से पट गई है। यहां एक तिरंगे की कीमत 50 से 60 रुपये रखी गई है। बाजार में दाम ज्यादा होने के कारण लोग तिरंगे की खरीदारी के लिए डाकघर ही पहुंच रहे हैं।

अन्य समाचार