जगह जगह बागमती नदी कर रही है कटाव

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया):

कोसी व बागमती नदी के जलस्तर में उतार चढ़ाव के साथ ही चौथम प्रखंड में कई जगहों पर कटाव जारी है। कटाव की रोकथाम के उपाय नहीं किए जा रहे हैं। जिस कारण लोगों में जल संसाधन विभाग के प्रति काफी आक्रोश देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रखंड के चौथम डीह के समीप बागमती नदी कटाव कर रही है। बदला नगरपाड़ा तटबंध से महज 20 फीट की दूरी पर कटाव हो रहा है। विभागीय कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया था कि जल्द ही फ्लड फाइटिग कार्य किया जाएगा। लेकिन मंगलवार तक कार्य शुरू नहीं किया जा सका था। खरैता में हो रहा है कटाव

इन दिनों प्रखंड के खरैता गांव में भी बागमती नदी का भीषण कटाव जारी है। यहां पिछले वर्ष भी बागमती नदी का भीषण कटाव हुआ था। इस वर्ष भी बागमती नदी का कटाव जारी है। ग्रामीण डब्लू कुमार ने बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान कई एकड़ जमीन नदी में समा चुकी है। उन्होंने बताया कि कई लोगों का बासा भी कट चुका है। विदेश्वरी सिंह, सूर्य नारायण सिंह, लखन सिंह, संजय सिंह आदि का बासा कट चुका है। एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष नितिन पटेल ने जल्द यहां फ्लड फाइटिग कार्य शुरू कराने की मांग की है। बंगलिया और सोनवर्षा में भी कटाव है जारी
चौथम प्रखंड के सोनवर्षा और बंगलिया गांव में बागमती नदी का कटाव जारी है। जिस कारण लोग डरे- सहमे हुए हैं। बताया जाता है कि वर्ष 2021 में भी सोनवर्षा और बंगलिया में कटाव के कारण कई घर नदी में समा गए थे। चौथम डीह पर फ्लड फाइटिग को लेकर स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। अन्य जगहों का निरीक्षण करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
गणेश प्रसाद सिंह, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया।

अन्य समाचार