महागठबंधन की सरकार बनने पर राजद, कांग्रेस के साथ जदयू ने किया स्वागत

सीतामढ़ी। एनडीए छोड़ महागठबंधन से हाथ मिलाकर बिहार में सत्ता परिवर्तन करने के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्णय का राजद, कांग्रेस व जदयू नेताओं ने स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया है। राजद, कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से शहर के मेहसौल चौक पर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। वही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, तेजस्वी प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, वामपंथी पार्टी, हम एवं अन्य पार्टियों के नेताओं को बधाई दी है। पूर्व सांसद डा. अर्जुन राय ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर फेल हो रही थी। बिहार को उसका वाजिब हक नहीं दे रही थी। मोदी की नीति फूट डालो और राज करो की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बात को सही समय पर समझकर लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए उचित निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह सरकार विकास की नई लकीर खींचेगी। मौके पर जिला राजद अध्यक्ष शफीक खां ने कहा कि बिहार में भी भाजपा खरीद-फरोख्त करना चाहती थी। जिसको बिहार के सम्मानित नेता नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव के जोड़ी ने नाकाम कर दिया।


नए स्वरूप में नए गठबंधन के लिए जदयू नेताओं ने किया स्वागत
सीतामढ़ी, संवाद सहयोगी: नए स्वरूप में नए गठबंधन के लिए जिला जदयू नेताओं ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा जैसे राजनीति के चाणक्य को बधाई दी है। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना समर्थन देने के लिए राजद, कांग्रेस, हम व वाम दलों के प्रति आभार प्रकट किया है। जिला जदयू अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि जदयू एवं देश के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार हमेशा बिहारी, बिहार एवं देश के हित में धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक सदभाव एवं संविधान की रक्षा के लिए निर्णय लेते रहे हैं। जिला जदयू के मुख्य प्रवक्ता प्रो.अमर सिंह ने कहा कि बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए विकास पुरुष नीतीश कुमार ने निर्णय लिया है। कुछ दिनों से भाजपा जदयू को तोड़ने व कमजोर करने की साजिश के तहत कई मंत्री व विधायक को प्रलोभन दे रही थी। जिसका आडियो मिलने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए छोड़ने का फैसला किया।

अन्य समाचार