बरौनी रिफाइनरी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई प्रभातफेरी

बरौनी रिफाइनरी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई प्रभातफेरी

जासं, बेगूसराय : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की, ताकि लोगों को तिरंगा घर लाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके और भारत की आजादी के 75वें वर्ष पर हर घर में फहराया जा सके। इसके लिए बरौनी रिफाइनरी ने स्कूली बच्चों के साथ प्रभातफेरी निकाली। बुधवार को टाउनशिप में बीआर डीएवी एवं केंद्रीय विद्यालय की कक्षा नौवीं से 12वीं तक के बच्चों ने प्रभातफेरी में हिस्सा लिया। केंद्रीय विद्यालय से बच्चों के “हर घर तिरंगा” के नारे के साथ टाउनशिप निवासियों को जागरूक किया गया। इसके बाद आरके झा, कार्यपालक निदेशक सह रिफाइनरी प्रमुख ने बीआर डीएवी के बच्चों द्वारा आयोजित पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने टाउनशिप निवासियों से घूम-घूम कर 13 से 15 अगस्त के दौरान तिरंगा फहरा कर राष्ट्रीय एकता का संदेश देने का आह्वान किया। इस अवसर पर दोनों स्कूल के बीच तिरंगा का वितरण किया। कार्यपालक निदेशक ने कहा कि हम राष्ट्र को ऊर्जावान बनाने के लिए लगातार अपने तिरंगे से प्रेरणा लेते हैं। हमारा तिरंगा हमें देश की सेवा करने और देशवासियों के प्रति समर्पित होने की भावना से ऊर्जान्वित करता है। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेकर देश की आजादी के 75 वर्षों का महोत्सव एक साथ मिलकर मनाने की अपील की। मौके पर तरुण कुमार बिसई, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), महाप्रबंधकगण, दोनों स्कूल के प्राचार्य केके सिन्हा एवं उमेश पांडेय, शिक्षक और बच्चे मौजूद थे।

अन्य समाचार