तिरंगा खरीदने डाकघर पहुंचे लोग लौट रहे वापस

संवाद सहयोगी, किशनगंज : आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत लोगों से अपने-अपने घरों पर झंडा लगाने की अपील की जा रही है। लोग 13-15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए तिरंगा खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं। अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए डाकघर से तिरंगा झंडा लोगों को खरीदने की सुविधा दी गई। लोग 25 रुपये निर्धारित शुल्क पर झंडा खरीद कर ले जा सकते हैं।

बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से डाकघर में झंडा उपलब्ध नहीं था, वहीं बुधवार को झंडा का एक हजार खेप भेजा गया। हालांकि डाकघर के पोस्टमास्टर गौतम दत्ता ने बताया कि इस झंडे की क्वालिटी सही नहीं है। उन्होंने बताया कि झंडा में एक ही ओर सफेद है जिसे देख लोग खरीदना नहीं चाह रहे हैं। इसकी जानकारी विभाग के वरीय अधिकारी को दे दी गई है। डाकघर से लोगों को तिरंगा प्राप्त नहीं हो पा रहा है और बेरंग वापस लौट रहे हैं। डाकपाल ने बताया कि मुख्य डाकघर से अबतक 150 तिरंगा बिक्री हो चुकी है। पिछले कुछ दिनों से तिरंगा झंडा नहीं था, लेकिन खेप पहुंचने के बाद भी खामियां के कारण लोग खरीद नहीं पा रहे हैं। चुड़ीपट्टी स्थित बाजार उप डाकघर में भी तिरंगा की बिक्री हो रही है। उप डाकपाल विनीता साह ने बताया अब तक 100 तिरंगा की बिक्री हो चुकी है। वहीं कोचाधामन के सौंथा उप डाकघर के उप डाकपाल अफाक आलम ने बताया उनके यहां भी अबतक 75 तिरंगा बिका है। हालांकि डाकघरों में लोग तिरंगा खरीदने पहुंच रहे हैं लेकिन लोगों के अनुसार तिरंगा नहीं मिल पा रहा है।

अन्य समाचार