सूखा राशन वितरण में लापरवाही

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : आंगनबाड़ी केंद्रों पर बीते बुधवार को सूखा राशन का वितरण किया गया। इसमें कई जगहों पर लापरवाही सामने आई है। वितरण के समय अधिकांश जगहों पर कोई अधिकारी नजर नहीं आए। इस वजह से कागजों पर टीएचआर का वितरण किया गया। टीएचआर वितरण के नाम पर खानापूर्ति की गई। जोरावरपुर पंचायत, भरसों, कुल्हड़िया, कोलवारा, सौढ़ दक्षिणी, खजरैठा, लगार, तेमथा करारी, माधवपुर, देवरी, सौढ़ उत्तरी, बंदेहरा, लगार, आदि पंचायतों में टीएचआर का वितरण हवा हवाई साबित हुआ।



आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण की विवरणी

सामान्य बच्चों को चावल एक किलो, मूंगदाल 750 ग्राम, सोयाबीन 500 ग्राम, सोयाबीन तेल 250 ग्राम, नमक 50 ग्राम, मशाला 12.50 ग्राम।

गर्भवती/ धात्री महिलाओं को

चावल दो किलो, मूंगदाल एक किलो, सोयाबीन 375 ग्राम, सोयाबीन तेल 375 ग्राम, नमक 62.50 ग्राम, मशाला 12.50 ग्राम। अति कुपोषित बच्चों को

चावल दो किलो, मूंगदाल एक किलो 338 ग्राम, सोयाबीन 500 ग्राम, सोयाबीन तेल 500 ग्राम, नमक 75 ग्राम, मशाला 25 ग्राम। परबत्ता प्रखंड में 278 आंगनबाड़ी केंद्र

परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में कुल 278 आंगनबाड़ी केंद्र है। जिसमें 275 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहा है। सीडीपीओ के अनुसार तीन केंद्र जो संचालित नहीं हो रहे हैं, उसमें एक आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका मर गई हैैं। जबकि दो अन्य केंद्रों की सेविका ने त्यागपत्र दे दिया है। संचालित केंद्रों पर छह माह से तीन वर्ष के 10,860 बच्चे हैं। जबकि तीन वर्ष से छह वर्ष तक के 9774 बच्चे हैं। गर्भवती, धात्री की संख्या 4344 है। अति कुपोषित बच्चे की संख्या 19 है। कुल 24,997 लाभुक आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े हुए हैं।
डीपीओ सुनीता ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने पर संज्ञान लेंगे। दोषी पर कार्यवाही की जाएगी।

अन्य समाचार