नहीं रहे पूर्व मंत्री शमशेर जंगबहादुर सिंह

संवाद सहयोगी, हवेली खड़गपुर (मुंगेर) : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और कई बार हवेली खड़गपुर के विधायक रहे समाजवादी नेता शमशेर जंग बहादुर सिंह का गुरुवार की शाम नगर के पुरानी चौक स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। समाजवादी नेता के रूप में प्रतिस्थापित शमशेर जंगबहादुर सिंह 1977 में जनता पार्टी के कर्पूरी ठाकुर की सरकार में श्रम विभाग के मंत्री थे। 1967 और 1969 में हवेली खड़गपुर से बिहार विधानसभा के लिए निर्वाचित घोषित हुए थे। इन्होंने खड़गपुर में एकमात्र अंगीभूत डिग्री कालेज हरि सिंह महाविद्यालय और नरेंद्र सिंह महाविद्यालय की भी स्थापना भूमि दान देकर की। कई दशक तक राजनीति में सक्रिय रहे शमशेर जंगबहादुर सिंह क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी अत्यंत निकट थे और 1995 में समता पार्टी से हवेली खड़गपुर से चुनाव लड़े थे। पूर्व मंत्री शमशेर जंग बहादुर सिंह के निधन पर मुंगेर के सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने शोक व्यक्त किया है। सांसद ने कहा कि पूर्व मंत्री उनके लिए अभिभावक तुल्य थे। 1974 में जेपी आंदोलन से जुड़े थे। निधन पर पूरी तरह से ममार्हत हैं। उन्होंने कहा कि आज बिहार ने राजनीति के प्रखर नेता को खो दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। इधर, निधन की खबर सुनकर समाजसेवियों व विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं ने शोक जताया है। सेवानिवृत्त प्राचार्य रामचरित्र प्रसाद सिंह ने कहा है कि खड़गपुर ने एक हस्ती को खो दिया है, भरपाई दूर-दूर तक संभव नहीं है। हरि सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार, नरेंद्र सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य सबल कुमार सिंह, रुकमणी देवी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार, पूर्व प्राचार्य अनिल कुमार सिंह, संजीव झा, समाजसेवी राकेश चंद्र सिंहा, सदानंद सिंह, योगेश्वर गोस्वामी, रेखा सिंह चौहान, रामकुमार सिंह, संजीव कुमार, अशोक केसरी सहित अन्य ने शोक व्यक्त किया।


अन्य समाचार